रायपुर, 3 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में कोरोना की रफ्तार में कम होती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को भी यहां 4,174 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग ने 33 मरीजों की मौत की जानकारी दी। इनमें से 18 की मौत 1 अप्रैल को हुई थी, लेकिन इन्हें तब जारी हुए डेटा में शामिल नहीं किया जा सका था। प्रदेश में अभी 31,858 मरीजों का इलाज चल रहा है।
रायपुर में लॉकडाउन लगाए जाने की अटकलों पर विराम लग गया है। शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने रायपुर के सिविल लाइंस स्थित सर्किट हाउस में अफसरों के साथ हुई मीटिंग के बाद मीडिया को यह जानकारी दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि शहर में दुकानें शाम 6:00 बजे तक ही खुली रहेंगी। अस्पतालों में बेड बढ़ाने के आदेश जल्द ही जारी कर दिए जाएंगे।
15 अप्रैल से 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं होनी है। इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ.आलोक शुक्ला ने आज वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक बुलाई है। इसमें कोरोना के हालात में परीक्षार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर चर्चा होगी। दुर्ग और बेमेतरा में लॉकडाउन की स्थिति और प्रदेश के दूसरे जिलों में भी लॉकडाउन के हालात पर भी बात होगी।
छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को 3,069 वैक्सीनेशन सेंटर पर टीका लगाया गया। वैक्सीनेशन की नोडल ऑफिसर डाॅ. प्रियंका शुक्ला ने बताया है कि शुक्रवार को कुल 3 लाख 26 हजार 12 लोगों को टीका लगाया गया। इनमें 45 साल से अधिक उम्र वाले 3 लाख 17 हजार 500 लोग शामिल थे। अब वैक्सीनेशन सेंटर्स बढ़ाने के लिए मोबाइल यूनिट का इस्तेमाल शुरू किया जा रहा है।
रायपुर के 9 नए इलाकों को कलेक्टर डॉ एस भारती दासन ने कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। इन इलाकों से लगातार ज्यादा तादाद में कोरोना संक्रमित मिल रहे थे। नए आदेश के मुताबिक अब गुढ़ियारी का पुराना थाना इलाका, अशोक रतन, अवंति विहार, देवेंद्र नगर, रहेजा रेसीडेंसी, कुंदरापारा, वीवी विहार, कंचन गंगा फेस 1 और शिवानंद नगर के कुछ हिस्से को कंटेनमेंट जोन बना दिया है।
शुक्रवार को शहर के सभी प्रमुख विभागों के अफसरों की कलेक्टर ने बैठक ली। इसमें अधिकारियों से कहा गया है कि अब शहर में वार्डवार दुकानदारों, सब्जी ठेले वालों, रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसाइटी वालों की या ग्रुप्स की लिस्टिंग करें और इसे नजदीकी टीकाकरण केंद्र में दें, ताकि इन लोगों का टीकाकरण हो सके।
रायपुर कोरोना का हॉटस्पाट बना हुआ है। शुक्रवार को यहां एक दिन में 1,405 मरीज मिले। वहीं 15 मरीजों की जान गई है। यह आंकड़ा इस वर्ष का सर्वाधिक है। अभी तक रायपुर में 68,404 लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
दुर्ग जिले में शुक्रवार को 964 नये मरीज मिले। 7 लोगों की मौत हुई, लेकिन वहां से आईं कुछ तस्वीरों ने भयावहता को बढ़ा दिया है। शुक्रवार की सुबह दुर्ग जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में कोरोना संदिग्ध मरीजों के 22 शव रखे थे। वहीं श्मशान में जलाए गये 17 शवों में से 13 कोरोना मरीजों के थे।
प्रदेश के बड़े जिलों में शुमार बिलासपुर की हालत भी बिगड़ने लगी है। शुक्रवार को यहां 244 नए केस सामने आए। दो लोगों की मौत हुई। इनको मिलाकर वहां एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,460 हो गई है। बिलासपुर में अभी तक 230 मरीजों की जान कोरोना की वजह से जा चुकी है।