हैदराबाद :- तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में सीपीआई के राज्य नेता चंदू नायक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. उनकी उम्र करीब 47 वर्ष थी. मलकपेट इलाके में सीपीआई नेता को दिनदहाड़े उस समय गोली मारी गयी जब वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ शालिवाहन नगर पार्क में सुबह की सैर पर थे. सुबह-सुबह गोलीबारी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई.
छह राउंड गोलियां मारीः
पुलिस के अनुसार चंदू नायक पर छह राउंड गोलियां चलाईं गयी थी. चंदू नायक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हमलावरों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है. वे सभी एक कार में सवार होकर आए थे. गोली मारने के बाद सभी तेजी से मौके से फरार हो गए. हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है.
हत्या के पीछे भूमि विवाद की आशंकाः
नगर कुरनूल जिले के बालमुर मंडल के नरसाईपल्ली गांव के मूल निवासी चंदू नायक इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे. प्रारंभिक जांच में पता चलता है कि हत्या के पीछे जमीन विवाद या पुरानी गुटीय रंजिश हो सकती है. फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र की. चंदू नायक की हत्या की खबर सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शोक व्यक्त करने के लिए इकट्ठा हुए.
चंदू नायक के खिलाफ आपराधिक मामलाः
पुलिस ने बताया है कि चंदू नायक हत्या के एक मामले में आरोपी रह चुके हैं. पुलिस, इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या उसकी हत्या में पुरानी रंजिश का हाथ हो सकता है. एसीपी ने कहा, “हमारा मानना है कि यह पुरानी रंजिश का मामला है. वह पहले भी एक हत्या के मामले में नामजद था. हालांकि, हमें उसकी ओर से ऐसी कोई शिकायत नहीं मिली थी कि उसे कोई धमकी दे रहा है.”
हमला होने की जतायी थी आशंकाः
स्थानीय लोगों ने बताया कि चंदू नायक ने अपने ऊपर हमला होने की आशंका जतायी थी. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि वह अपनी जान को लेकर डरा हुआ था. वह अपनी पत्नी के साथ यहां किराए के मकान में रह रहा थ. वे साथ में टहलने निकले थे, तभी अचानक एक कार रुकी और हमलावरों ने उसके परिवार के सामने ही गोलियां मार दीं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है.
