कोलकाता:- बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवात ‘रेमल’ गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है. मौमस विभाग के मुताबिक, ‘रेमल’ आज आधी रात तक बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तटों से 110-120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार टकरा सकता है. इसके प्रभाव से तटीय जिलों में 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने तूफान के कारण पश्चिम बंगाल के तटीय जिलों में मुसलाधार बारिश होने की आशंका जताई है. कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है. तूफान के प्रभाव से अभी से ही कोलकाता शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है.
चक्रवाती तूफान को देखते हुए पूर्वी और दक्षिण पूर्वी रेलवे ने एहतियात के तौर पर दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर के साथ अन्य तटीय जिलों में कई ट्रेन रद्द कर दी हैं. वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों ने तूफान के संभावित प्रभाव के कारण रविवार को दोपहर से 21 घंटे के लिए उड़ानों का संचालन निलंबित करने का फैसला लिया है. इससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मिलाकर कुल 394 फ्लाइट्स प्रभावित होंगी.
कोलकाता एयरपोर्ट पर कई छोटे विमानों को खड़ा कर दिया गया है. इसके अलावा कोलकाता में श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंदरगाह पर भी रविवार शाम से 12 घंटे के लिए कार्गो और कंटेनर परिचालन की गतिविधियां भी निलंबित रहेंगी.
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह 8:30 बजे तक चक्रवात रेमल उत्तरी बंगाल की खाड़ी में सागर द्वीप समूह से 240 किमी दक्षिण-दक्षिण पूर्व में स्थित था और यह 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था. इस दौरान 90-100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं.
