कवर्धा:- बुधवार को शहर कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में नोटों की माला लेकर कवर्धा नगरपालिका कार्यालय पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश सरकार और नगर पालिका अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और जमकर नारेबाजी की. कांग्रेसियों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा.
कांग्रेस नेताओं ने बोला हल्ला: कांग्रेस नेता आकाश केशरवानी ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने 8 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन दिया है, जिसमें नगर पालिका में 10% कमीशनखोरी, बिना निविदा के ठेकेदारों को ठेका देना, गुरु नाला सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों का घोटाला और पीएम आवास योजना में भारी अनियमितताएं शामिल हैं.
नोटों की माला प्रतिकात्मक रूप से देने आए हैं. बिना टेंडर निकाले सत्तर प्रतिशत से ज्यादा दाम हो जाता है. इसलिए कमीशन का पैसा भेंट स्वरूप देने आए हैं ताकि कुछ लाज शर्म लगे और नगर विकास के नाम पर जो गुणवत्ताविहीन काम और भ्रष्टाचार हो रहा है, वो बंद हो-आकाश केशरवानी, कांग्रेस नेता
जिला प्रशासन पर कांग्रेस के गंभीर आरोप: कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष, स्थानीय विधायक और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मिलकर नगर विकास के नाम पर मनमानी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं और विकास के नाम पर भ्रष्टाचार कर रहें हैं. इसके अलावा नया बस स्टैंड जाने वाले घोटिया रोड निर्माण में चौड़ीकरण में प्रभावित मकान मालिकों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है.कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि 500 से अधिक पीएम आवास आवेदनों में सिर्फ 100 को स्वीकृति दी गई है. 15 माह से बंद पड़ा आवासीय पट्टा वितरण, जिससे हजारों परिवार प्रभावित पट्टा वितरण कार्य चालू करें. नगर में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई. व्यवस्था सुधारने की मांग की गई है.
उग्र प्रदर्शन की चेतावनी: कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में नगर पालिका का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा.