छत्तीसगढ़ :– उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की बहादुरी और सेवा भावना को सम्मानित करते हुए अपने निवास पर विशेष रात्रि भोज का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, बस्तर, कांकेर और कोंडागांव जिलों से पहुंचे डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवान शामिल हुए। इस दौरान जवानों ने उप मुख्यमंत्री के साथ भोजन किया और अपने अनुभव साझा किए।
नक्सल प्रभावित इलाकों में बहादुरी की मिसाल
कार्यक्रम में डीआरजी के जवानों ने बताया कि उन्होंने कठिन पहाड़ी क्षेत्रों में नक्सलियों का सामना करते हुए कई गांवों में शांति और विश्वास का माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि अब ‘नियद नेल्लानार’ और ‘इलवद ग्राम पंचायत’ जैसी सरकारी योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में विकास की नई शुरुआत हो रही है और लोग नक्सलवाद से दूरी बना रहे हैं।
महिला जवानों का अदम्य साहस
बस्तर फाइटर की महिला जवानों ने बताया कि वे कई बार दुर्गम जंगलों में दिनों तक अभियान चलाती हैं और नक्सलियों का मुकाबला करती हैं। उन्होंने कहा कि शासन की पुनर्वास नीति से अब कई युवा मुख्यधारा में लौटकर समाज के विकास में योगदान दे रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री का उत्साहवर्धन
जवानों की वीरता की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने सभी जवानों को सम्मानित किया और दीपावली की अग्रिम शुभकामनाओं के साथ उपहार भी भेंट किए।