उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में शीतला माता मंदिर पर एक श्रद्धालु ने अपनी जीभ काटकर देवी के चरणों में चढ़ा दी। जीभ काटने के बाद मुंह से निकलते खून के गुबार को देखकर श्रद्धालु की पत्नी घबरा गई और उसने रोना शुरू कर दिया। इसके बाद अन्य श्रद्धालुओं ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव निवासी संपत पत्नी बन्नो देवी के साथ शनिवार को मां शीतला के दर्शन करने आया था। गंगा स्नान करने के बाद संपत ने अपनी पत्नी के साथ शीतला मां के दर्शन पूजन किये। तिवारी के अनुसार, दंपती ने मंदिर की परिक्रमा की और लौटते वक्त संपत ने साथ लाये ब्लेड से अपनी जीभ काटकर मंदिर की चौखट पर चढ़ा दी।
इस घटना के बाद मंदिर में अन्य श्रद्धालुओं के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल संपत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। संपत की पत्नी ने बताया कि शुक्रवार रात उसके पति ने शीतला माता के दर्शन की इच्छा जताई थी। इसी सिलसिले में दोनों ने आज गंगा स्नान के बाद मंदिर में पूजा अर्चना की, लेकिन उसके पति ने अचानक इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल संपत बोलने की स्थिति में नहीं है। उसकी हालत में सुधार होने पर जीभ काटने के कारणों का पता लगाया जाएगा।