धमतरी:- इंडोर स्टेडियम में शपथग्रहण समारोह हुआ. धमतरी के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा मुख्य अतिथि रहे. महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी ने अध्यक्षता की. महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और कुरुद विधायक अजय चंद्राकर बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुए.
महापौर रामू रोहरा ने ली शपथ: धमतरी नगर निगम महापौर के रूप में रामू रोहरा ने पद और गोपनीयता की शपथ ली. शपथ लेने के साथ ही रामू रोहरा धमतरी नगर के प्रथम नागरिक बन गए हैं. इस अवसर पर राज्य के राजस्व मंत्री और धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे.
सांसद रुपकुमारी चौधरी: कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद लोकसभा क्षेत्र महासमुंद रूपकुमारी चौधरी ने की. स्थानीय इंडोर स्टेडियम में सुबह आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय चन्द्राकर भी शामिल हुए.
पार्षदों संग पहुंचे निगम दफ्तर: शपथ ग्रहण के बाद महापौर रामू रोहरा, नवनिर्वाचित पार्षदों संग सीधे नगर निगम दफ्तर पहुंचे और पूजा-अर्चना कर कार्यभार ग्रहण किया. रामू रोहरा ने अपने चेम्बर में सबसे पहले गंगा जल छिड़का और कहा कि 5 साल में भ्रष्टाचार के कारण अशुद्धि फैली हुई थी. इस कारण शुद्धिकरण जरूरी था.
इंडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह: समारोह में इंडोर स्टेडियम पर महापौर के साथ ही 40 पार्षदों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली. कलेक्टर नम्रता गांधी ने महापौर की शपथ दिलाई. इसके बाद वार्ड क्रमांक 01 से लेकर 40 तक पार्षदों ने 8-8 की संख्या में शपथ ली.
स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक अवकाश: महापौर की कुर्सी संभालने के बाद रामू रोहरा ने स्वच्छता दीदियों को साप्ताहिक अवकाश देने की फाइल में सबसे पहला हस्ताक्षर किया. शहर की कुछ अहम सड़कों के चौड़ीकरण पर सबसे पहले काम शुरू करवाने का इरादा जताया.
धमतरी नगर निगम: शपथ लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए महापौर रामू रोहरा ने धमतरी नगर के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बताया. उन्होंने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त करने के साथ ही शिक्षा और ज्ञान को बढ़ावा देने प्रयास की बात कही.
नालंदा परिसर: रामू रोहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धमतरी में नालंदा परिसर स्थापित करने की घोषणा की है. यह परिसर विद्यार्थियों के लिए एक अत्याधुनिक ज्ञान केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां बिना बाधा के वे अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगे. जनता के मांग के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण, गोकुलनगर, स्मार्ट सिटी सहित अन्य जरूरी कार्यों को प्राथमिकता देंगे. रामू रोहरा ने यह भी कहा कि सड़क चौड़ीकरण के लिए बजट में प्रस्ताव करेंगे और गोकुलनगर के विकास के लिए प्रयास शुरू हो गया है.