मध्य प्रदेश:- चुनाव के बाद भी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं के समर्थन में खुद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह उतर आए हैं. छतरपुर का मामला सुलटाने के बाद वे सागर पहुंचे. सागर के रहली विधानसभा में हुए विवाद के बाद उन्होंने वहीं डेरा डाल लिया है. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मामले की जानकारी ली. इस मामले में मंत्री गोपाल भार्गव का नाम सामने आने के बाद राजनीति गरमाई हुई है.
दिग्विजय ने गढ़ाकोटा में डाला डेरा
सागर जिले के रहली विधानसभा में हुए विवाद के मामले में सियासत गरमाई हुई है. कमलनाथ के ट्वीट के बाद पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह रहली पहुंच गए हैं. वे रहली के गढ़ाकोटा में उस जगह पर पहुंचे, जहां पर विवाद हुआ था और वहां पर कांग्रेस की पदाधिकारी से कार्यकर्ताओं से जानकारी ली. जिस कांग्रेस कार्यकर्ता के घर पर विवाद हुआ, उसके घर भी पहुंचे. फिर वहां से गढ़ाकोटा सर्किट हाउस निकल गए, जहां पर कांग्रेस नेताओं से चर्चा की. दिग्विजय सिंह गढ़ाकोटा में ही रात रुके.
ये है पूरा विवाद
मतदान के दूसरे दिन रहली विधानसभा के गढ़ाकोटा में दो पक्षों में विवाद हो गया था. यह विवाद जहां हुआ था, वहां पर कांग्रेस की प्रत्याशी ज्योति पटेल भी मौजूद थीं. उन्होंने फेसबुक पर लाइव आकर भाजपा प्रत्याशी गोपाल भार्गव के लोगों के द्वारा हमला करने के आरोप लगाए थे. वहीं गोपाल भार्गव ने मीडिया के सामने आकर कहा था कि कांग्रेस अपनी हार को छुपाने के लिय इस तरह की नौटंकी कर रही हैं.
थाने के सामने रुके रात
इससे एक दिन पहले दिग्वजिय सिंह ने छतरपुर की राजनगर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता की मौत के मामले को लेकर खजुराहो पुलिस थाने पर धरना दिया था. रातभर के धरना और प्रदर्शन के बाद पुलिस को झुकना पड़ा.
