नई दिल्ली : जगत के पालनहार भगवान विष्णु की लीला अपरंपार है। उनकी कृपा से व्यक्ति विशेष को जीवन में सभी प्रकार के सुखों की प्राप्ति होती है। साथ ही समाज में ऊंचा मान-सम्मान प्राप्त होता है। ज्योतिष भी जीवन में सफलता पाने के लिए भगवान विष्णु की पूजा करने की सलाह देते हैं। भगवान विष्णु की पूजा करने से कुंडली में बुध, गुरु, रवि, चंद्र और मंगल सभी ग्रह मजबूत होते हैं। वहीं, अशुभ ग्रहों का प्रभाव समाप्त होता है। अगर आप भी आपने जीवन में विषम परिस्थिति से गुजर रहे हैं, तो गुरुवार को विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करें। पूजा के समय इनमें से कोई एक उपाय जरूर करें।
गुरुवार के उपाय
अगर आप गुरु चांडाल दोष से युक्त हैं, तो गुरुवार के दिन विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा करें। साथ ही पूजा के समय सफेद चंदन को पत्थर पर घिसकर चंदन में केसर मिलाकर माथे और गर्दन पर लगाएं। इस उपाय को आप रोजाना भी कर सकते हैं। इस समय विष्णु चालीसा का पाठ करें। ऐसा करने से राहु और केतु का प्रभाव कम होता है। साथ ही भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
अगर आप अपनी कुंडली में गुरु मजबूत करना चाहते हैं, तो गुरुवार के दिन स्नान-ध्यान के पश्चात जल में हल्दी मिलाकर भगवान विष्णु का अभिषेक करें। साथ ही केले के पौधे में जल का अर्घ्य दें। इसके बाद गरीबों एवं जरूरतमंदों को दही चावल का भोजन कराएं। इस उपाय को करने से कुंडली में गुरु मजबूत होता है। अगर आप मनचाही नौकरी पाना चाहती हैं, तो गुरुवार के दिन व्रत जरूर रखें।
ज्योतिषियों की मानें तो कम से कम 16 या 21 गुरुवार का व्रत जरूर रखें। आप फलाहारी गुरुवार का व्रत भी रख सकती हैं। गुरुवार का व्रत करने से अविवाहितों की शीघ्र शादी के योग भी बनते हैं। पूजा के समय भगवान विष्णु को हल्दी की गांठ जरूर अर्पित करें। अगर आप भगवान विष्णु की कृपा के भागी बनना चाहते हैं, तो गुरुवार के दिन गौ माता की सेवा करें। आप गौ माता को चारा खिला सकते हैं। साथ ही रोटी में गुड़ और चना रख गौ माता को खिलाएं। इस उपाय को हर गुरुवार के दिन करें। ऐसा करने से धन संबंधी परेशानी दूर होती है।