नई दिल्ली। हर धर्म ग्रंथों में दान का बड़ा ही महत्व बताया गया है। दान करने से कई पाप कर्मों का नाश होता है और पुण्य कर्मों में बढ़ोत्तरी होती है। दान करते समय भी कुछ बातों को ध्यान में रखना आवश्यक होता है। दान का अर्थ ये नहीं है कि जो वस्तु आपके काम की न हो यानि उपयोग करने के लायक न हो, उसे दान कर दिया जाए। वहीं कुछ ऐसी चीजें हैं जिनका दान यदि प्रतिदिन सुबह किया जाए तो घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।
गाय को रोटी खिलाएं
भारत में हमेशा से गाय को रोटी खिलाने की परंपरा चली आई है। सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गाय के अंदर देवी देवताओं का वास होने के कारण इसे भोजन कराने के कई फायदे हैं। जिस घर में बनने वाली पहली रोटी गाय को खिलाई जाती है वहां कभी भी दरिद्रता और रोग नहीं आते लेकिन गाय को रोटी खिलाने का समय इसमें जानना जरूरी है।
सुबह-सुबह गाय को रोटी के साथ चने और गुड़ जरूर खिलाने चाहिए। गाय के अंदर 33 करोड़ देवी देवता निवास करते हैं और गाय को प्रतिदिन रोटी खिलाने से ये 33 करोड़ देवी देवता प्रसन्न होते हैं और फलस्वरूप घर में हमेशा लक्ष्मी और समृद्धि का वास होता है।
सोमवार को दूध और चावल का दान
यदि आप भगवान शिव से कुछ मांगना चाहते हैं तो सोमवार की सुबह कच्चा दूध, चावल और चीनी का दान किसी जरूरतमंद को करें। याद रखें दान करने के बाद इसका गुणगान करने से इसका फल नष्ट हो जाता है। इसलिए इसे जितना हो गुप्त रखना चाहिए।
मंगलवार को चने की बनी वस्तुएं दान करें
शत्रुओं के नाश के लिए मंगलवार की सुबह लाल फल और लाल वस्त्र का दान करना उत्तम माना जाता है। इसके अलावा किसी गरीब को चने की बनी वस्तुएं दान करने से रोग और शोक से मुक्ति मिलती है।
शुक्रवार के दिन दूध की बनी खीर का दान
मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए भी दान देना चाहिए। सुबह-सुबह धन का दान देना उत्तम नहीं माना जाता इसलिए इससे बचना चाहिए लेकिन शुक्रवार की सुबह दूध की बनी खीर का दान देना मां लक्ष्मी को प्रसन्न करता है।
शनिवार को काली वस्तुएं दान करें
बुरे कर्मों के प्रभाव को खत्म करने और जीवन में सुख-शांति के लिए शनिवार की सुबह काली वस्तुओं का दान करना चाहिए। इससे शनिदेव प्रसन्न होते हैं और जीवन से परेशानियों दूर होती हैं।