नई दिल्ली : शरीर को स्वस्थ रखने के लिए न सिर्फ किशमिश बल्कि उसका पानी भी बहुत फायदेमंद माना जाता है. अगर आप नियमित रूप से किशमिश का पानी पीते हैं तो आपके शरीर में आई कमजोरी और रक्त की कमी दूर हो सकती है.
छोटी सी दिखने वाली किशमिश शरीर को कई बड़े फायदे पहुंचा सकती है. पकवान में इसका इस्तेमाल न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है बल्कि हमारे शरीर से कमजोरी को भी दूर कर सकता है. शरीर के लिए किशमिश जितनी फायदेमंद होती है उससे कई गुना ज्यादा फायदा किशमिश का पानी पहुंचता है. इसका नियमित रूप से सेवन करना अनेक समस्याओं से छुटकारा दिला सकता है. जानेंगे किशमिश का पानी क्या फायदे पहुंचा सकता है? इसके सेवन से होने वाले नुकसान? साथ ही जानेंगे इसे बनाने का सही तरीका और किस विधि से किशमिश का पानी पीना चाहिए? सब कुछ.
किशमिश के पानी से होने वाले फायदे
किशमिश में एल्कलाइन गुण पाए जाते हैं, जो शरीर में बनने वाले एसिड को नियंत्रित करते हैं, जिससे एसिडिटी की समस्या नहीं होती.
किशमिश में प्रचुर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जिससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में बढ़ोतरी होती है. यही कारण है कि किशमिश को एक इम्यूनिटी बूस्टर के रूप में डाइट में शामिल करना चाहिए.
जिन लोगों को उच्च रक्तचाप की शिकायत है, उन्हें किशमिश के पानी का सेवन करना चाहिए. एक रिसर्च में पाया गया है कि किशमिश के पानी के सेवन से हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल किया जा सकता है.
जिन लोगों को खून की कमी होती है उन्हें किशमिश के पानी का सेवन करना चाहिए, क्योंकि किशमिश में भरपूर मात्रा में आयरन पाया जाता है. जो आपके चेहरे की रंगत को ही बदल देगा. और खून की कमी से पीला पड़ा हुआ चेहरा आप भूल जाएंगे, क्योंकि इससे आपके गालों पर भी लाली आएगी.
किशमिश में मौजूद विटामिन सी और आयरन स्किन और बालों के लिए फायदेमंद हो सकता है. हेल्दी स्किन और बालों के लिए नियमित रूप से किशमिश का पानी पीना चाहिए.
किशमिश का पानी पीने के नुकसान
किशमिश के पानी का अधिक सेवन डायरिया और गैस की समस्या बढ़ा सकता है.
शुगर के पेशेंट को किशमिश का पानी डॉक्टर के परामर्श पर ही पीना चाहिए, क्योंकि इसके अधिक सेवन से टाइप 2 डायबिटीज की समस्या बढ़ सकती है.
कुछ लोगों को किशमिश का पानी सूट नहीं करता जिससे उन्हें एलर्जी हो सकती है.
किशमिश का पानी बनाने और पीने का तरीका
पानी – 200 मिली
किशमिश – 80 से 90 ग्राम
एक बर्तन में गर्म पानी लें अब उसमें किशमिश डालकर रात भर के लिए छोड़ दें.
सुबह किशमिश को पानी से अलग कर उस पानी को कम आंच में गर्म करें.
इस तरह करें किशमिश पानी का सेवन
किशमिश का पानी प्रतिदिन खाली पेट पीना फायदेमंद होता है.
किशमिश का पानी खाना खाने से 30 मिनट पहले भी पिया जा सकता है.
पानी को डिटॉक्स वॉटर के रूप में उपयोग में लाया जाता सकता है.
किशमिश के पानी को आटे में मिलकर भी इसका उपयोग किया जा सकता है.
