महाराष्ट्र। राहुल गांधी एक बार फिर भाजपा के निशाने पर हैं। मामला भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राष्ट्रगान से जुड़े एक वीडियो का है। ट्विटर पर इस वीडियो को साझा करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सुनील देवधर भी शामिल हैं जिन्होंने राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए तीखा सवाल पूछा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई जब राष्ट्रगीत के बजाय स्पीकर पर कुछ और ही गीत बजने लगा। इसे लेकर अब राहुल गांधी भाजपा और विरोधियों के निशाने पर हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि महाराष्ट्र में कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद राहुल गांधी नेताओं से राष्ट्रगीत चलाने को कहते हैं, लेकिन जब इसे चलाया जाता है तो कोई दूसरा ही गीत बजने लगता है। सावधान मुद्रा में खड़े हुए राहुल और बजने लगा अनजान गीत इसके बाद राहुल गांधी ने माइक पर घोषणा की, अब राष्ट्र गीत बजेगा। मंच पर हर कोई सावधान की मुद्रा में खड़ा हो जाता है। लेकिन कोई अनजान गीत बजना शुरू हो जाता है, तो राहुल गांधी हैरान दिखते हैं और एक कांग्रेसी नेता की ओर सवालिया अंदाज में इशारा करते हैं।
ट्विटर पोस्ट के मुताबिक, गलती से जो गीत बजा था वह नेपाली एंथम था। आखिर में राष्ट्रगान बजाया गया, लेकिन इसका लंबा पांच-पैरा वाला संस्करण चुना गया था। तभी किसी ने नारा लगाया, “भारत माता की जय”, जबकि राष्ट्रगान अभी भी बज रहा था। इसके बाद इसे बंद कर दिया गया।
ट्विटर पर वीडियो साझा करने वालों में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव भी शामिल थे। उन्होंने कांग्रेस नेता और भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए पूछा, “राष्ट्रीय गीत भारत को एकजुट करने के लिए?” तमिलनाडु के बीजेपी नेता अमर प्रसाद रेड्डी ने इस वीडियो को इस सवाल के साथ शेयर किया, “राहुल गांधी, यह क्या है?”