राजनांदगांव:- जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग राजनांदगांव में ई हियरिंग की शुरुआत की गई है. अब उपभोक्ता की समस्याएं ऑनलाइन सुनी जाएगी. राजनांदगांव ई हियरिंग के जरिए सुनवाई करने वाला प्रदेश का चौथा जिला है. लोगों को ऑनलाइन माध्यम से ही उपभोक्ता फोरम संबंधित मामलों की सुनवाई का अवसर यहां मिलेगा.
राजनांदगांव उपभोक्ता आयोग के लिए ऐतिहासिक दिन:
जिला उपभोक्ता आयोग सदस्य डॉ. आनंद वर्गिस ने बताया कि राजनांदगांव उपभोक्ता आयोग के लिए ऐतिहासिक दिन है. बिलासपुर आयोग से ई-हियरिंग की शुरुआत न्यायमूर्ति गौतम चौरडिया के द्वारा वर्चुअली की गई है.
अब हर सुनवाई ऑनलाइन:
डॉ. आनंद वर्गिस ने बताया कि ई हियरिंग के माध्यम से पूरे भारतवर्ष से कहीं से भी जुड़ सकते हैं. पक्षकार और अधिवक्ता भारत के किसी भी कोने से या घर से ऑनलाइन माध्यम से प्रकरण की सुनवाई में जुड़ सकते हैं. ई हियरिंग की शुरुआत के अवसर पर एक प्रकरण की ऑनलाइन सुनवाई भी की गई.
डॉ. आनंद वर्गिस ने बताया कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ राज्य प्रथम राज्य है, जिसमें आयोग ई हियरिंग के माध्यम से जुड़ रहा है. राजनांदगांव प्रदेश में चौथा जिला है, जो ई हियरिंग के माध्यम से जुड़ गया है. राजनांदगांव के पक्षकारों और अधिवक्ताओं के लिए यह खुशी का अवसर है.
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग क्या है:
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में जिला स्तर पर उपभोक्ता विवादों को सुलझाया जाता है. उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों की रक्षा करने और उनके साथ होने वाले विवादों को सुलझाने के लिए यह आयोग सुनवाई करता है. अब ऑनलाइन सुनवाई के लिए राजनांदगांव में ई हियरिंग की शुरुआत की गई है.
