देशभर में इन दिनों ED की ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई लगातार जारी है। छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश समेत कई शहरों में टीम छापेमार कार्रवाई कर रही है। कई बड़े शराब कारोबारियों, भूमाफियाओं, राजनेताओं से लेकर बड़े कारोबारियों के गर्दन तक ED की टीम पहुंच रही है। इसी सिलसिले में मध्यप्रदेश में भी ED की टीम ताबड़तोड़ छापेमार कार्रवाई कर रही है।
इसी सिलसिले में ED की टीम ने इंदौर के भूमाफिया सुरेंद्र संघवी और दीपक मद्दा उर्फ दीपक जैन उर्फ दिलीप सिसौदियाके ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि संघवी पूर्व मुख्य सचिव एसआर मोहंती के काफी करीबी रहे हैं। आज सुबह-सुबह टीम ने दबिश दी और सारे दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह छापा जिला प्रशासन द्वारा फरवरी 2021 में भूमाफिया अभियान में कराई गई 6 FIR की वजह से हो रही है।
दोनों के खिलाफ ही धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज है। वहीं, संघवी से हुए लेन-देन के चलते रुचि ग्रुप के प्रमुख व बिल्डर मनीष शाहरा के दफ्तर में भी ईडी के अधिकारी पहुंचे और उनसे लेन-देन का हिसाब मांगा और जानकारी लेकर चले गए। इस मामले में संघवी की गिरफ्तारी की भी संभावनाएं बन रही है फिलहाल पूछताछ हो रही है।
कई कंपनियों में संघवी परिवार और मद्दा व उनके परिवार के सदस्य डायरेक्टर बने हुए हैं और आपसी कारोबारी संबंध है। इन्होंने सोसायटी की जमीन कौड़ियों के भाव खरीदी थी। संघवी इस मामले में कई दिनों तक भगोड़ा रहा और फिर हाई कोर्ट से जमानत हुई। उधर दीपक मद्दा पर 8 FIR हो चुकी है और एक बार रासुका भी लग चुकी है। ED की टीम अब इस मामले में करोड़ों के ट्रांजेक्शन का लिंक निकाल रही है।
बता दें कि मध्यप्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी ED की टीम ने शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई की है। । ED की टीम लगातार रायपुर, भिलाई समेत कई ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इसी सिलसिले में टीम ने बाद कार्रवाई करते हुए शराब कारोबारी पप्पू ढिल्लन को गिरफ्तार कर लिया है। दो दिन पहले ही ED की टीम ने भिलाई में शराब कारोबारी पप्पू ढिल्लन के ठिकानों पर दबिश दी थी। ED ने इनकी संपत्ति को लेकर भी काफी देर तक पूछताछ की थी।