
टीवी 36 हिंदुस्तान विनोद गुप्ता
बलरामपुर : कलेक्टर श्री कुंदन कुमार व पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने जिले के विभिन्न स्कूल व छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। स्कूल व छात्रावासों के निरीक्षण के दौरान वे प्रमुखता से बच्चों से बात कर उनकी समस्याओं से अवगत हुए। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महाराजगंज पहुँचकर कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय परिसर का भ्रमण किया तथा शिक्षकों की संख्या व शाला संचालन के समय की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से बात करते हुए पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है तथा स्कूल में शिक्षकों का व्यवहार कैसा है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपने परिवेश को साफ व स्वच्छ रखें तथा बदलते समय के साथ तकनीक का संयमित उपयोग करें, जिससे आपको अच्छी शिक्षा मिले और कुछ नया सीख पाए।

कलेक्टर ने छात्राओं से कहा कि कोई भी बात अभिभावक व शिक्षकों से न छुपाएं तथा किसी के व्यवहार व आचरण से कोई परेशानी हो तो उसे तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने स्कूल में पदस्थ शिक्षकों व कर्मचारियों से कहा कि छात्र-छात्राओं से शालीनतापूर्ण व्यवहार करें तथा उन्हें शिक्षा अनुकूल माहौल प्रदान करें ताकि जीवन में कुछ बेहतर करने की दिशा में अग्रसर हों। छात्राओं से उनकी रुचि के बारे में पूछते हुए कहा की आपको आत्मविश्वास होना चाहिए कि आप अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं, डरना बिल्कुल नहीं है जिला प्रशासन भी आपके सहयोग व मार्गदर्शन के लिए हमेशा मौजूद है।