रायपुर। पूरे छत्तीसगढ़ में 9 जून को 108 और 102 की एंबुलेंस सेवाएं ठप पड़ सकती है। मरीजों और घायलों को आपात स्थिति में हॉस्पिटल पहुंचाने वाली संजीवनी एक्सप्रेस और महिलाओं को डिलिवरी के लिए नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने वाली महतारी एक्सप्रेस के कर्मचारियों ने काम बंद कर हड़ताल की चेतावनी दी है।कर्मचारी अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर लामबंद हुए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि बीते दो महीनों से उन्हे वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवार का गुजारा नहीं चल पा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके साथ हमेशा इसी तरह की स्थिति बनी रहती है,जब 3 से 4 महीनें में वेतन का भुगतान होता है। प्रदेश में संजीवनी एक्सप्रेस का संचालन जय अम्बे कंपनी द्वारा किया जा रहा है जबकि जीवीके कंपनी महतारी एक्सप्रेस का संचालन कर रही है। दोनों ही जगह अनियमितताओं के कारण कर्मचारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।