सुकमा :- छत्तीसगढ़ में पुलिस के साथ सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान को लेकर आखिरी लड़ाई लड़नी शुरु की है.इसी कड़ी में सुकमा में नक्सलियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ हुई है. शुक्रवार को सुरक्षाबलों को केरलापाल थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की गु्प्त सूचना मिली थी.जिसके बाद सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम मौके वाली जगह के लिए रवाना हुई.टीम के पहुंचते ही सुबह आठ बजे नक्सलियों की ओर से फायरिंग शुरु हुई.जिसमें फोर्स ने जवाबी कार्रवाई की.इस मुठभेड़ में नक्सलियों को बड़ा नुकसान हुआ है.
16 नक्सलियों के शव बरामद : बस्तर आईजी पी सुंदरराज ने 16 नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि की है. बस्तर आईजी के मुताबिक सुकमा मुठभेड़ में अब तक कुल 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में आधुनिक बंदूकें, रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लांचर हथियार समेत विस्फोटक पदार्थ बरामद हुए हैं .
DRG सुकमा और CRPF के संयुक्त बल बीजापुर ऑपरेशन का हिस्सा थे . फिलहाल मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है. इस मुठभेड़ में DRG के दो जवान घायल हुए हैं. घायल जवानों की हालत सामान्य है और खतरे से बाहर है. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 16 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं.मुठभेड़ में कई और नक्सलियों के मारे जाने अथवा घायल होने की संभावना है- सुंदरराज पी, बस्तर आईजी
गोगुंडा की पहाड़ी पर ऑपरेशन :पुलिस अधिकारियों से अब तक मिली जानकारी के मुताबिक जिले के गोगुंडा की पहाड़ी में लगातार फायरिंग के बाद सर्च ऑपरेशन जारी है. फोर्स ने नक्सलियों को चारों तरफ से घेरने के बाद ऑपरेशन को अंजाम दिया. जिसमें नक्सलियों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है.
केरलापाल में मुठभेड़ हुई थी.जिसमें 16 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं. अभी भी गोगुंडा पहाड़ी पर सर्चिंग जारी है. मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में एके 47, एसएलआर,इंसास राइफल, रॉकेट लॉन्चर बरामद हुए हैं-किरण चव्हाण, एसपी सुकमा
गृहमंत्री ने जवानों का बढ़ाया हौंसला :केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सल मोर्चे पर मिली सफलता पर कहा है कि ”नक्सलवाद पर एक और प्रहार हुआ है. हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं. हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता, केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है.’
सुकमा मुठभेड़ पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा, ” मैं सुरक्षा बलों को उनकी बहादुरी के लिए बधाई देता हूं, और उनके साहस को नमन करता हूं। हमारी सरकार को इस संबंध में लगातार सफलता मिल रही है. मुझे विश्वास है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प पूरा होगा.
नवरात्रि से पहले अच्छी खबर : नवरात्रि से पहले नक्सलियों के लिए फोर्स काल बनकर उतरी है. सुकमा में कई नक्सलियों के मारे गए हैं.आपको बता दें कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद के सफाए का लक्ष्य रखा है.जिसे लेकर नक्सल प्रभावित राज्यों में ऑपरेशन जारी हैं.इसी कड़ी में शनिवार सुबह एक बार फिर नक्सलियों के लिए फोर्स यमदूत बनकर मैदान में उतरी है.
छत्तीसगढ़ में हुए बड़े एनकाउंटर
20 मार्च 2025 : बीजापुर और कांकेर में हुए दो नक्सल एनकाउंटर में 30 नक्सली मारे गए.
9 फरवरी 2025: बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 31 माओवादियों को मार गिराया.
20-21 जनवरी 2025: गरियाबंद जिले में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 16 माओवादी मारे गए.
19 जनवरी 2025: प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) संगठन के केंद्रीय समिति सदस्य जयराम उर्फ चलपथी सहित 14 माओवादी मारे गए.
16 जनवरी 2025: बीजापुर जिले में भीषण मुठभेड़ में 18 माओवादी मारे गए.
22 नवंबर 2024: सुकमा जिले में मुठभेड़, 10 माओवादी मारे गए.
04 अक्टूबर 2024: अबूझमाड़ में हुई मुठभेड़ में 38 नक्सली मारे गए.
10 मई 2024: बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए.
16 अप्रैल 2024: कांकेर जिले में भीषण मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गये.
02 अप्रैल2024: बीजापुर जिले में हुई मुठभेड़ में 13 माओवादी मारे गए.
7 फरवरी 2019 : बीजापुर जिले में हुई बड़ी मुठभेड़ में 10 माओवादी मारे गए.
6 अगस्त 2018: सुकमा जिले में हुई मुठभेड़ में 15 माओवादी मारे गए.
2 मार्च 2018: बीजापुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 10 माओवादी मारे गए.
27 नवंबर 2014: सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ मुठभेड़ में 15 माओवादी मारे गए और 25 गंभीर रूप से घायल हुए.
16 अप्रैल 2013: बस्तर क्षेत्र में घने जंगलों वाले इलाके में मुठभेड़, 10 माओवादी मारे गए.
29 जून 2012: दंतेवाड़ा के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ ने एक महिला समेत 20 नक्सली मार गिराए, 6 जवान भी घायल हुए.
23 नवंबर 2010: दंतेवाड़ा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र के आसरामपुरा गांव के पास सीआरपीएफ, 111 बटालियन और राज्य पुलिस कर्मियों के साथ भीषण मुठभेड़ में 20 नक्सली मारे गए.
18 फरवरी 2008: बीजापुर जिले में दो अलग अलग मुठभेड़ों में 13 नक्सली और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 6 जवान मारे गए.
10 जुलाई 2007: दंतेवाड़ा जिले में भीषण मुठभेड़ में 20 माओवादी मारे गए और नौ सुरक्षाकर्मी घायल हुए.