जशपुर:- 10 अगस्त 2025 रविवार का दिन छत्तीसगढ़ के बैकिंग इतिहास में मील का पत्थर साबित हुआ. सीएम विष्णुदेव साय ने जशपुर के तीन गांवों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार किया. जशपुर के तीन विकासखंडों में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नई शाखाओं का सीएम साय ने वर्चुअली शुभारंभ किया.
जशपुर के गांव में बैकिंग सुविधाएं: जशपुर के ग्राम आरा, ग्राम कुड़ेकेला और ग्रा छिछली में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की नई शाखाओं का विधिवत शुभआरंभ किया. इससे जशपुर के 23 गांव के 44 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा होगा. उन्हें बैंकिंग सुविधाएं मिलेंगी. सीएम ने इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के 12वें वार्षिक प्रतिवेदन का भी लोकार्पण किया. इस अवसर पर ग्राम छिछली की सरपंच अनिमा मिंज, ग्राम आरा के सरपंच मनोज भगत और ग्राम कुडे़केला की सरपंच शशिकांता पैंकरा ने सीएम साय का आभार व्यक्त किया.
जशपुर में 268 पंचायत डिजिटल: सीएम साय ने इस अवसर पर कहा कि यह गर्व की बात है कि जशपुर में 268 पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र शुरू किए गए हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को उनके ही गांव में वित्तीय सेवाएं मिल रही हैं. अब तक इन केंद्रों से लगभग 15 करोड़ रुपये का लेन-देन हो चुके हैं. आगामी पंचायत दिवस तक सभी पंचायतों में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र शुरू करने की योजना है. जिससे हर गांव में बैंकिंग सुविधा सुलभ होगी.
