मध्यप्रदेश:– सास-बहू की किचकिच ने तूल पकड़ लिया। इसके चलते सास, पति और देवर ने विवाहिता के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान उसके मुंह में जबरन इल्ली मार दवा भी डाल दी। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर महिला के बयान दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। नजीराबाद थाना इलाके में हुए इस मामले में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
नजीराबाद थाना प्रभारी एचएस वर्मा ने बताया कि मूलत: रायसेन के गौहरगंज की रहने वाली 32 वर्षीय कंचन गौर की शादी पांच वर्ष पहले ग्राम झिरनिया छापरी निवासी अरविंद गौर से हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। कंचन के साथ पति के अलावा सास सेंगर बाई व देवर रवि गौर भी रहते है। उसका एक देवर भोपाल में रहता है। परिवार के पास खेती की जमीन और तीन मंजिल के घर में किराना दुकान भी है। पूरे घर में साफ-सफाई करने को लेकर कंचन का अपनी सास से अक्सर विवाद होता रहता था। इसमें पति भी अपनी मां का पक्ष लेते हुए कंचन को ही फटकार लगाता था। कंचन का तर्क था कि वह अकेले इतने बड़े घर में रोज सफाई करने में सक्षम नहीं है। इस मुद्दे पर उनके बीच आए दिन कलह होती थी। तीन जून को इस विषय पर झगड़ा शुरू हुआ था। मामला तूल पकड़ने पर पति, सास और देवर ने मिलकर कंचन के साथ जमकर मारपीट करना शुरू कर दी। साथ ही उसके मुंह में इल्ली मार दवा भी डाल दी। हालांकि हालत बिगड़ने पर वे लोग ही कंचन को उपचार के लिए अस्पताल भी ले गए।
घटना के बारे में पता चलने पर कंचन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कंचन के बयान दर्ज करने के बाद पति, सास,देवर के खिलाफ मारपीट करने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंचन अभी अस्पताल में भर्ती है।