रायपुर:- नगरी निकाय का चुनाव के लिए मतदान हो गया है. अब रिजल्ट की बारी है. इस दौरान एक बार फिर विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने राज्य सहित केंद्र की भाजपा सरकार को जोरदार हमला बोला है.
नगरीय निकाय चुनाव में गड़बड़ी का आरोप: रायपुर में पत्रकार चर्चा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव में मतदान के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कई जगह पर ईवीएम मशीन खराब थी. परिसीमन के कारण कई जगहों पर मतदाता भटक रहे थे. कई लोगों के नाम काटकर दूसरे वार्ड में भेज दिया गया. पति पत्नी अलग-अलग मतदान केंद्र वोट डालने जा रहे हैं. गलत तरीके से परिसीमन किया गया है, इसकी शिकायत भी की गई, इसकी वजह से मतदान काफी कम हुआ है. शहरी क्षेत्र में भी काफी कम मतदान हुआ है. चुनाव के दौरान हर जगह अव्यवस्था देखी गई. जिस वजह से लोग भी घर से नहीं निकले.
निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिलेगा फायदा: बघेल ने कहा “नगर पंचायत, नगर पालिका में मतदान अच्छा हुआ है. लेकिन बड़े नगर निगमों में वोट प्रतिशत कम हुआ है. उसमें विशेषज्ञ विशेलषण कर रहे है, किसको फायदा होगा, किसको नुकसान होगा. कांग्रेस पार्टी ने बहुत अच्छे ढंग से चुनाव लड़ा, सभी ने मिलजुलकर चुनाव लड़ा, जो निगमों और नगर पंचायत, नगर पालिका स्पष्ट दिखाई दे रहा है. उसमें कांग्रेस को अच्छी बढ़त मिलेगी और नगर निगमों में भी अच्छे रिजल्ट आयेंगे.
कांग्रेस के दबाव के कारण छत्तीसगढ़ सरकार ने धान खरीदा:” धान खरीदी पर सरकार को घेरते हुए पूर्व सीएम बघेल ने कहा “धान खरीदी 160 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा था, लेकिन 145 लाख मीट्रिक टन की ही खरीदी हुई. इसका मतलब ये है कि किसानों का धान न बेचने के सारे हथकंडे अपनाये, 15 लाख मीट्रिक टन कम खरीदी हुई है. लगातार कांग्रेस के दबाव के कारण सरकार को धान खरीदी के लिए बाध्य होना पड़ा और 145 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की गई. टोकन की कमी, बारदाने की कमी, अनावारी रिपोर्ट में कमी से किसानों को धान बेचने में काफी परेशानी हुई. लेकिन कांग्रेस पार्टी लगातार किसानों के साथ खड़ी रही और सरकार को झुकना पड़ा और किसानों का धान खरीदना पड़ा.
मंत्री के भाई पर कार्रवाई की मांग: लखनलाल देवांगन के भाई द्वारा घर में घुसकर महिला को थप्पड़ मारने पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि पहली बात तो महिला को थप्पड़ मारा और मंत्री के भाई को और सजग रहना चाहिए. लेकिन ये इतने दबंग हो गए कि भूल जा रहे हैं सामने महिला है या पुरुष हैं. प्रदेश में यदि कानून व्यवस्था है तो दोषी पर कार्रवाई होनी चाहिए.
छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा क्राइम का ग्राफ: राजधानी में 60 लाख की डकैती पर उन्होंने कहा चुनाव के दिन राजधानी में इतनी बड़ी घटना हो गयी. छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था तार-तार हो चुका है. राजधानी में रोज गोली चल रही है. हत्याएं हो रहे, बलात्कार हो रहे हैं. सब कुछ यहां हो रहा है. न्यायधानी में अवैध शराब से लोगों की मौत हो रही है. सरकार छिपाने में लगी हुई है, ये जहरीली शराब से नहीं मछली खाने से हुआ है. इसी को सुशासन कहते है क्या? ये सुशासन नहीं कुशासन है. इस सरकार से अब लोगों का विश्वास उठते जा रहा है.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश के 104 लोगों को अमेरिकी सरकार ने बेड़ियां, हथकड़ी पहनाकर वापस भेज दिया. हमारे 36 इंच वाले प्रधानमंत्री मौन है. हमारे लोग क्या अपराधी थे. संसद में इस संबंध में सवाल पूछा गया तो विदेश मंत्री जवाब देते है पहले भी घुसपैठिये वापस आये है लेकिन यह नहीं बताये कि पहले लोग बेड़ी, हथकड़ी में वापस नहीं आये थे.