नई दिल्ली। चुनाव आयोग में काफी समय से खाली पद पर अब नियुक्ति की गई है। केंद्र सरकार ने इस खाली पद पर नई नियुक्ति की है। IAS अधिकारी अरुण गोयल चुनाव आयोग में तीसरे चुनाव आयुक्त होंगे। अशोक लवासा का स्थान लेंगे जिन्होंने 18 अगस्त, 2020 को पद से इस्तीफा दे दिया था।अरुण गोयल पंजाब कैडर के 1985 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी हैं। अरुण गोयल 31 दिसंबर 2022 को रिटायर होने वाले थे। रिटायरमेंट से ठीक 40 दिन पहले अरुण गोयल ने इस्तीफा दे दिया था। कई साल से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रहे अरुण गोयल का इस्तीफा राज्य और केंद्र सरकार ने एक दिन में स्वीकार कर दिया गया है।
अब इन अटकलों पर विराम लगाते हुए सरकार ने चुनाव आयुक्त के पद पर अरुण गोयल की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। केंद्र सरकार ने राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद अरुण गोयल की नियुक्ति के प्रस्ताव से संबंधित आदेश जारी किया।पंजाब कैडर के वरिष्ठ अधिकारी अरुण गोयल की नियुक्ति के साथ अब चुनाव आयोग का कोरम पूरा हो गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ दो चुनाव आयुक्त होने चाहिए, लेकिन आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के साथ सिर्फ अनूप चंद्र पांडेय ही थे।
अब अरुण गोयल की नियुक्ति के साथ ही चुनाव आयोग में दो चुनाव आयुक्त हो गए हैं।पंजाब कैडर के IAS अधिकारी अरुण गोयल ने केंद्र सरकार के कई विभागों में अहम भूमिका निभाई है। अरुण गोयल लंबे समय से आवास विभाग में पदस्थ थे। उन्होंने सिंचाई विभाग में भी काम किया है। सरकार ने अरुण गोयल की नियुक्ति की घोषणा ऐसे समय में की है जब गुजरात में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।
