भोपाल:- कांग्रेस में गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। मध्य प्रदेश में करारी हार के बावजूद वरिष्ठ नेता सबक लेने के लिए तैयार नहीं हैं। हालांकि कांग्रेस को गुटबाजी का खामियाजा भी भुगतना पडा है। नए घटनाक्रम में अब पूर्व नेता प्रतिपक्ष और विंध्य के दिग्गज कांग्रेसी नेता अजय सिंह राहुल ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का नाम लिए बगैर उन पर हमला बोल दिया है। ताजे बयान में पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि मध्य प्रदेश में एक बडे नेता के कांग्रेस छोडकर जाने की खबर के असर के चलते करारी हार हुई है। वरिष्ठ नेता का मध्य प्रदेश में जनाधार है और ऐसे नेता के कांग्रेस से भारतीय जनता पार्टी में जाने की भ्रामक खबरें बडी तेजी से फैली और लोग यह कहने लगे कि उनके जाने के बाद प्रदेश में कांग्रेस का सफाया होगा। इस खबर से जनता असमंसज की स्थिति में पहुंच गई और कार्यकताओं का मनोबल भी कमजोर हो गया था। जिसके चलते मध्य प्रदेश में कांग्रेस को करारी हार झेलनी पडी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नेताजी के नजदीकी जिस तेजी से कांग्रेस से जा रहे थे, उससे प्रदेश में मतदाताओं के बीच अविश्वास का माहौल बना कि इनका कोई भरोसा नहीं यह कभी भी कांग्रेस से तौबा कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह बात स्वीकार करी कि नेताओं को किसी ने नहीं मनाया और ना ही किसी ने जाने से रोका। आज वे कांग्रेस में हैं तो अपने अंतरआत्मा की आवाज पर। कांग्रेस पार्टी टूटकर बिखरने वाली नहीं है, वह आज हारी है तो कल पुन: प्रदेश में उठ खडा होगी। कांग्रेस को देश से खत्म करने का सपना महज सपना बनकर रह जाएगा, क्योंकि देश में जब तक लोकतंत्र है तब तक कांग्रेस है, कांग्रेस एक विचारधारा है और विचारधारा कभी मरती नहीं है। साथ ही अजय सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीजेपी सत्ता, प्रशासन और धनबल का दुरुपयोग कर 29 सीटों को जीतने में सफल रही है, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होगा।