नई दिल्ली: मुख्यमंत्री केजरीवाल ने बताया कि, कोरोना को देखते हुए गरीबों को फ्री में राशन दिया जा रहा था, अब इस योजना को 30 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया। 30 सितंबर तक गरीबों को राशन की दुकानों से मुफ्त अनाज मिलेगा।
दिल्ली सरकार की ये योजना केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से इतर है। केंद्र की योजना में भी गरीबों को हर महीने 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जाता है। दिल्ली सरकार की योजना में भी इतना ही अनाज फ्री में मिलता है।
केजरीवाल सरकार के फैसले से 72.77 लाख से ज्यादा लोगों को फायदा होगा। नेशनल फूड सिक्योरिटी (NFS) एक्ट 2013 के तहत, जरूरतमंद और गरीबों को हर महीने 5 किलो अनाज मुफ्त दिया जाता है। इनमें प्रवासी मजदूर, असंगठित क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूर, कंस्ट्रक्शन मजदूर, घरेलू कामगार के अलावा बिना राशन कार्ड वाले लोग शामिल हैं।
इस योजना के तहत हर महीने हर व्यक्ति को 4 किलो गेहूं और 1 किलो चावल मुफ्त दिया जाता है। राजधानी दिल्ली में 2 हजार से ज्यादा राशन की दुकानें हैं। इन्हीं राशन की दुकानों से गरीबों को मुफ्त में अनाज दिया जाता है।