नई दिल्ली:– महाशिवरात्रि के पर्व पर संगमनगरी से लेकर अयोध्या और काशी शिवालयों में पूजा-अर्चना जारी है। भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भोलेनाथ की पूजा कर रहे हैं। प्रयागराज के शिवालयों में बुधवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दिखी। महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे हैं। वहीं, काशी के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की कतार देखी गई। इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में संतों पर पुष्प वर्षा भी की गई।
महाशिवरात्रि के अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने कहा, “कुंभ में भारत की लगभग आधी आबादी पहुंची। सभी जातियों, धर्मों और मतों के लोग यहां एक साथ आए। दुनिया ने हमारी एकता देखी… दुनिया ने हमारी सभ्यता और संस्कृति की झलक देखी… भारत की आधी आबादी ने यहां कुंभ में विश्व के कल्याण के लिए प्रार्थना की… कुंभ का आज समापन हो रहा है… मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस भव्य आयोजन के लिए धन्यवाद देता हूं और बधाई देता हूं।”
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा, “महाशिवरात्रि के अवसर पर, सभी पांच अखाड़ों ने महादेव की पूजा-अर्चना की और महाकुंभ की ‘पूर्णाहुति’ के लिए ‘अभिषेक’ किया।”
