पटना:- बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने पिता लालू यादव और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह दिल्ली से पटना एक ही फ्लाइट में आए। फ्लाइट में लालू यादव और गिरिराज सिंह के बीच कई कई मुद्दों पर बात हुई। खुद तेजस्वी यादव ने इसका खुलासा किया है। तेजस्वी यादव ने बताया कि गिरिराज सिंह को बीजेपी में अब टिकट कटने का डर सताने लगा है।
उन्होंने कहा कि गिरिराज सिंह मेरे साथ बैठे थे और अपने राजनीतिक करियर को लेकर चिंतित थे। तेजस्वी ने कहा, हमसे गिरिराज कह रहे थे कि केंद्र में किसी भी मंत्री की नहीं चलती है। पता नहीं इस बार टिकट मिलेगा या नहीं।
आप मटन कब खिलाएंगे
तेजस्वी यादव ने बताया कि गिरिराज सिंह ने मेरे पिता से उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। इसके बाद गिरिराज सिंह ने पूछा कि आप मटन कब खिलाएंगे? इस पर मेरे पिता ने कहा कि आप तो झटका वाला मटन खाएंगे। लालू यादव ने यह भी कहा कि मैं इसकी पूरी कोशिश करूंगा कि आपको मटन खिलाया जाए।
टिकट को लेकर गिरिराज चिंतित
तेजस्वी यादव ने बताया कि गिरिराज सिंह इस बात को लेकर बेहद चिंतित नजर आए कि आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट के लिए उनके नाम पर विचार किया जाएगा या नहीं। उन्होंने मुझे यह भी बताया कि केंद्र सरकार में किसी भी मंत्री के पास वास्तविक शक्ति नहीं है। केवल एक या दो व्यक्ति ही फोन कर रहे थे।
