नई दिल्लीः- लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी सात सीट समेत छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 58 सीट के लिए शनिवार यानी आज मतदान होगा। राष्ट्रीय राजधानी के अलावा उत्तर प्रदेश की 14, हरियाणा की सभी 10, बिहार और पश्चिम बंगाल की आठ-आठ, ओडिशा की छह, झारखंड की चार और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर आज मतदान होगा। इसके अलावा ओडिशा की 42 विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा और शाम छह तक जारी रहेगा।
1.13 करोड़ से अधिक लोग डालेंगे वोट
इस चरण में 11.13 करोड़ से अधिक लोग वोटर हैं। इनमें 5.84 करोड़ पुरुष, 5.29 करोड़ महिलाएं और 5,120 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर भी मतदान होगा। निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में चुनावी पर्व में हिस्सा लेने और जिम्मेदारी एवं गर्व के साथ मतदान करने का भी आग्रह किया है।
छठे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में संबलपुर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी व कन्हैया कुमार , सुल्तानपुर से मेनका गांधी अनंतनाग-राजौरी से महबूबा मुफ्ती तमलुक से अभिजीत गंगोपाध्याय करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, कुरुक्षेत्र से नवीन जिंदल और गुरुग्राम सीट से राव इंद्रजीत सिंह शामिल हैं
दिल्ली में आप-कांग्रेस ने इन्हें बनाया है उम्मीदवार
दि्ल्ली की सात लोकसभा सीट पर भाजपा और ‘इंडिया’ गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। चुनाव से पहले ही ‘इंडिया’ गठबंधन के घटकों के बीच सीट को लेकर बनी सहमति के तहत आम आदमी पार्टीचार और कांग्रेस तीन सीट पर चुनाव लड़ रही है। यह पहला लोकसभा चुनाव है जब ‘आप’ औरकांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा को चुनौती दे रहे हैं। ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली सीट से कुलदीप कुमार को, पश्चिमी दिल्ली से महाबल मिश्रा को, नयी दिल्ली से सोमनाथ भारती को और दक्षिणी दिल्ली से सही राम पहलवान को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने चांदनी चौक से जेपी अग्रवाल, उत्तर पूर्वी दिल्ली से कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली सीट से उदित राज को अपना प्रत्याशी बनाया है।
बीजेपी ने इन नेताओं को दिया है टिकट
भाजपा ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी बनाया है और वह राष्ट्रीय राजधानी में अकेले मौजूदा सांसद हैं, जिन्हें पार्टी ने फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी को, नयी दिल्ली से बांसुरी स्वराज को, पूर्वी दिल्ली से हर्ष दीप मल्होत्रा, उत्तर पश्चिमी दिल्ली से योगेन्द्र चंदोलिया, चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल और पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सहरावत को प्रत्याशी बनाया है।
यूपी में इन सीटों पर डाले जाएंगे वोट
आम चुनाव के छठे चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 लोकसभा सीट पर मतदान होगा, जहां पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, तृणमूल कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी और भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ समेत 162 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। छठे चरण में प्रदेश के 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अम्बेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही में मतदान होना है।
यहां मुकाबला कड़ा
सुलतानपुर में भाजपा उम्मीदवार मेनका गांधी का समाजवादी पार्टी के रामभुआल निषाद और बहुजन समाज पार्टी के उदयराज वर्मा से मुकाबला है। आजमगढ़ सीट पर निवर्तमान भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ का मुकाबला सपा प्रमुख अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव से है। जौनपुर सीट पर बसपा के मौजूदा सांसद श्याम सिंह यादव को पार्टी ने फिर चुनाव मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा और भाजपा के कृपाशंकर सिंह से है।
