नई दिल्ली:– मानसून को देखते हुए सरकार ने कार्डधारकों को तीन माह का एकमुश्त राशन उपलब्ध कराने की तिथि तय कर दी है. 15 जून तक सभी कार्डधारकों को तीन माह का एकमुश्त राशन मिल जाएगा. इसके लिए सरकार के आदेश पर आपूर्ति विभाग ने राशन वितरण से संबंधित आदेश जारी कर दिया है.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप शुक्ला ने बताया कि जन वितरण प्रणाली की दुकानों में मई माह का राशन वितरण जारी है. जून, जुलाई और अगस्त माह का राशन सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को एकमुश्त वितरित करना है. आपूर्ति विभाग ने 31 मई तक जन वितरण प्रणाली दुकानदारों तक जून और जुलाई माह का राशन पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. इसे हर हाल में पूरा करना है. सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को आपूर्ति विभाग से राशन का उठाव करने का निर्देश दिया गया है. वहीं, सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को 16 से 30 जून तक अगस्त माह का राशन वितरित करने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने बताया कि आपूर्ति विभाग को सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को एक से 15 जून तक राशन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी दी गयी है. साथ ही सभी जन वितरण प्रणाली दुकानदारों को एक से 15 जून तक अगस्त माह का राशन उठाव करने का निर्देश दिया गया है. जून माह में हर हाल में कार्डधारकों को तीन माह का एकमुश्त राशन वितरित कर देना है.
जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रदीप शुक्ला ने बताया कि कार्डधारकों को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है. अलग-अलग माह के लिए अलग-अलग बायोमेट्रिक (अंगूठा) लिया जायेगा, साथ ही अलग-अलग पर्ची भी जारी की जायेगी. ऐसा नहीं होना चाहिए कि कार्डधारक एक माह का राशन ले और तीन माह का अपना बायोमेट्रिक दे दे. महीना देखकर ही अंगूठा लगाएं, ताकि किसी तरह की कोई गलती न हो. धनबाद में कुल 18 लाख 70 हजार कार्डधारक हैं. जिन्हें हर माह राशन उपलब्ध कराया जाता है. इस बार उन्हें तीन माह का एकमुश्त राशन दिया जायेगा.
जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की बढ़ेगी परेशानी
जन वितरण प्रणाली की सभी दुकानों में 2जी पॉस मशीन लगी हुई है. मतलब यह कि 5G के जमाने में 2G नेटवर्क का काम बहुत झंझट भरा है. तीन महीने के राशन के लिए हर बार अलग-अलग महीने का अंगूठा देना पड़ता है. नेटवर्क के कारण दुकानदारों को परेशानी होती है. देरी होने पर अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो जाती है.
