पणजी – कांग्रेस पार्टी को एक से बाद एक झटका लग रहा है। गुलाम नबी आजाद जैसे दिग्गज नेता के बाद अब गोवा में भी कांग्रेस को झटका लग गया है। गोवा में पूर्व मुख्यमंत्री सहित आठ विधायकों ने कांग्रेस से नाता तोड़ बीजेपी से दामन जोड़ लिया है। आपको बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोडो यात्रा चल रही है जो कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक जाएगी।
इस यात्रा के बीच गोवा में कांग्रेस के विधायकों का बागी होना कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा संकट है। वहीं, कांग्रेस के पूर्व विधायक माइकल लोबो ने कहा है कि हम पीएम मोदी और सीएम प्रमोद सावंत के हाथ मजबूत करने के लिए बीजेपी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोडो, बीजेपी को जोड़ो’ का हमने नारा दिया है। आज कांग्रेस के सभी बागी विधायक सीएम प्रमोद सावंत से मुलाकात कर रहे हैं।
साल 2019 में भी हुई थी बगावत
गोवा में कांग्रेस पार्टी में टूट का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी प्रदेश कांग्रेस में बड़ी टूट हो चुकी है। इससे पहले साल 2019 में भी कांग्रेस के 10 विधायक पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। अब एक बार फिर कांग्रेस में टूट दिखाई दी है। बता दें, इससे पहले जेडीयू के भी कई विधायक बीजेपी में शामिल हो चुके हैं।
गौरतलब है कि मिशन 2024 के मद्देनजर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश में जुटी कांग्रेस ने विशेष रणनीति तैयार की है। इसी कड़ी में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की है। कांग्रेस सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत की है। जबकि, भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के भारत जोड़ो यात्रा को परिवार को बचाने का अभियान करार दिया है।