नई दिल्ली। पंजाब व यूपी चुनाव से ठीक पहले रोहतक की सुनारिया जेल में बंद गुरमीत राम रहीम को हरियाणा सरकार ने 21 दिन की फरलो दे दी है। राम रहीम सिरसा डेरे पर पुलिस की निगरानी में रहेंगे। इसके चलते सोमवार को जेल के आसपास पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस की निगरानी में रामरहीम को जेल से सिरसा डेरे पर ले जाया जाएगा। कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीना पुलिस अधिकारियों की तीन दौर की बैठक ले चुके हैं। डीएसपी मुख्यालय के नेतृत्व में रामरहीम के साथ पुलिस की टीम को भेजा जा सकता है।
राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से रेप मामले में अगस्त 2017 में सजा सुनाई थी। बाद में पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड व रणजीत हत्याकांड में भी उसे सजा हुई। जेल नियमों के तहत कोई भी कैदी पेरोल या फरलो ले सकता है। इसका निर्णय सरकार व जिला प्रशासन को कानून व्यवस्था या दूसरी आपत्तियों को देखकर लेना होता है। पिछले दिनों रामरहीम ने जेल प्रशासन से 21 दिन की फरलो मांगी थी। जेल प्रशासन ने सरकार के पास अर्जी भेजी थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को रामरहीम को फरलो की हरी झंडी मिल गई।