काबुल। पाकिस्तान की सेना और अफगान तालिबान लड़ाकों के बीच चमन सीमा पर भारी गोलाबारी जारी है। दोनों के बीच हमले में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि करीब 37 लोग घायल हो गए है। पाकिस्तान की सेना और अफगान तालिबान लड़ाकों के बीच यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब अफगानिस्तान के सीमावर्ती शहर स्पिन बोल्डक में मोर्टार गिरने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। इसके जवाब में अफगान तालिबान लड़ाकों ने पाक-अफगान चमन सीमा के पास हमला कर दिया।
तालिबान लड़ाकों की तरफ से भारी गोलाबारी में छह पाकिस्तान नागरिकों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल भी हुए हैं। हमले में घायल लोगों को चमन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पाकिस्तान सेना ने बयान जारी कर कहा है कि पाकिस्तान सेना ने तालिबानी लड़ाकों को चौकियां बनाने से रोकने की कोशिश कि तभी दोनों में झड़प हो गई। उन्होंने कहा कि देखते ही देखते तालिबानी लड़ाकों ने पाकिस्तान सीमा पर भारी हथियारों से हमला कर दिया।