रांची। अवैध खनन मामले में गुरुवार को ईडी कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ईडी के अधिकारियों ने करीब 10 घंटे तक पूछताछ की। रात 09.45 बजे सीएम सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ ईडी कार्यालय से निकले और सीधे सीएम आवास पहुंचे। देर रात उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी ईडी दफ्तर पहुंचीं। मुख्यमंत्री दिन में 12:05 बजे ईडी कार्यालय पहुंचे थे। उसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसी के दफ्तर का गेट बंद कर दिया गया। इसके बाद से लगातार पूछताछ की जा रही थी।
ज्वाइंट डायरेक्टर रैंक के अधिकारियों ने पूछताछ की। पूछताछ के दौरान ईडी दफ्तर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। अवैध खनन मामले में ईडी की मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछताछ जारी रह सकती है। मुख्यमंत्री से पूछताछ के लिए 100 सवालों की लिस्ट तैयार की गयी है। इसके लिए बकायदा दिल्ली से अफसरों की टीम रांची पहुंची है।
इन सवालों में 1000 करोड़ के अवैध खनन का मामला। मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े सवाल शामिल हैं। साथ ही उनके विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा के घर से मिले दस्तावेजों के संबंध में भी सवाल किए गए। सीएम सोरेन ने ईडी दफ्तर जाने के पूर्व मीडिया को संबोधित किया। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सरकार गिराने की साजिश रची जा रही है।