कोलकाता:- लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में एक जून को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार समाप्त होने से पहले भारतीय जनता पार्टी ने हजारों लोगों की मौजूदगी में ड्रोन शो का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की विरासत और संस्कृति के साथ-साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों और वादों को भी दिखाया गया
कोलकाता मैदान के ऊपर आसमान ड्रोन की रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा. इन ड्रोन के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की आकृति के साथ भाजपा के चुनाव चिन्ह कमल को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया. रात के समय आसमान में आरो एक बार मोदी सरकार के शब्द चमक रहे थे. इसके बाद नल से बहते पानी और एक मंजिला पक्के मकान की तस्वीरें ड्रोन द्वारा उकेरी गईं, जिनके साथ बांगला में लिखा था -‘घर घर जल, पक्की बारी और ‘मोदी की गारंटी’. लेजर लाइट और ड्रोन से निकले वाली रंगीन रोशन से आसमान जगमगा रहा था और इस शो को देख रही भीड़ ‘जय श्रीराम’ और भारत माता की जय’ के नारे लगा रही थी.
कोलकाता की प्रमुख देवी मां काली और दुर्गा की तस्वीर ड्रोन से बनाए जाने पर भीड़ ने सबसे अधिक जयकारे लगाए, इसके बाद धनुष और बाण पकड़े भगवान राम की छवि ड्रोन से आसमान में बनाई गई. इस शो में बंगाल की मशहूर हस्तियों जैसे स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं, जो बंगाल की भावनाओं को आकर्षित करती हैं. कोलकाता के गौरव मेट्रो रेलवे को भी प्रदर्शित किया गया.
