नई दिल्ली:– सावन का महीना हिंदू धर्म में भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। यह माह श्रद्धा, भक्ति और शिव साधना का प्रतीक होता है। भक्तजन व्रत रखते हैं, शिवलिंग का जलाभिषेक करते हैं, कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं और हर संभव तरीके से भगवान शिव को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं।
शास्त्रों और ज्योतिष के अनुसार, भगवान शिव सभी भक्तों पर अपनी कृपा बरसाते हैं, लेकिन कुछ विशेष राशियों के जातकों पर भोलेनाथ की असीम कृपा बनी रहती है।
इन राशियों के लोगों का स्वभाव, आध्यात्मिक रुझान और आस्था उन्हें महादेव के और अधिक निकट लाते हैं। आइए जानते हैं वो तीन राशियां जिन्हें शिवजी का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है—
मेष राशि
मेष राशि के लोग भगवान शिव के प्रिय भक्त होते हैं। इन लोगों पर भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद बना रहता है। शास्त्रों के अनुसार, मेष राशि के जातकों के जीवन में कोई भी बड़ी समस्या आती है तो भगवान शिव उनकी मदद करते हैं और उनके जीवन में बाधाओं को दूर करते हैं।
इनकी मेहनत और आत्मविश्वास के कारण ये लोग सफलता प्राप्त करते हैं और उनका करियर दिन-ब-दिन उन्नति की ओर बढ़ता है। धन की कोई कमी नहीं रहती और ये अपने जीवन में शारीरिक सुखों का आनंद लेते हैं। इन जातकों को अपनी भक्ति में निरंतर रहना चाहिए और हर शनिवार को शिवलिंग पर जल चढ़ाना चाहिए, ताकि वे भगवान शिव के आशीर्वाद से जीवन में आगे बढ़ सकें।
मकर राशि
मकर राशि के जातकों के जीवन में भगवान शिव का आशीर्वाद हमेशा बना रहता है। मकर राशि का स्वामी ग्रह शनिदेव है, जो भगवान शिव के अनन्य भक्त माने जाते हैं। मकर राशि के लोग अपने जीवन में बड़ी सफलता प्राप्त करते हैं और समाज में सम्मान एवं प्रसिद्धि अर्जित करते हैं।
हालांकि, इन्हें कभी-कभी पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन भगवान शिव की कृपा और इनकी बुद्धिमानी से ये समस्याएं शीघ्र ही हल हो जाती हैं। शिवजी के प्रति सच्ची भक्ति और पंचाक्षरी मंत्र “ॐ नमः शिवाय” का जाप करने से जीवन में कभी विफलता का सामना नहीं होता। मकर राशि के जातकों को शिवजी के प्रति निष्ठा बनाए रखनी चाहिए ताकि वे भगवान शिव के आशीर्वाद से जीवन में सफलता प्राप्त करें।
कुम्भ राशि
कुम्भ राशि के जातक भी भगवान शिव के प्रिय भक्त होते हैं। इस राशि का स्वामी ग्रह भी शनिदेव है, जो भगवान शिव के परम भक्त हैं। कुम्भ राशि के लोग भगवान शिव की कृपा से जीवन में समृद्धि और सुख-शांति का अनुभव करते हैं। इन्हें धन, सुख, समृद्धि की कोई कमी नहीं रहती और ये किसी भी समस्या का सामना करने में सक्षम होते हैं।
भगवान शिव की कृपा से ये लोग अपने जीवनसाथी को सहजता से पा लेते हैं। इनका जीवन सुखमय और समृद्ध रहता है। शिवजी की पूजा और रुद्राभिषेक करने से भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं और इनकी जीवन में खुशियाँ आती हैं। कुम्भ राशि के जातकों को शिवजी के प्रति अपनी भक्ति को और प्रगाढ़ करना चाहिए।
