नई दिल्ली:– आइसक्रीम खाना हम सभी को अच्छा लगता है और इसलिए हम अक्सर मार्केट से एक साथ बहुत सारी आइसक्रीम ले आते हैं या फिर खुद घर पर भी आइसक्रीम तैयार करते हैं। बच्चों को तो आइसक्रीम खाना बहुत ही अच्छा लगता है। इतना ही नहीं, वे तो आइसक्रीम में कई अलग-अलग तरह के फ्लेवर खाना पसंद करते हैं।
अमूमन यह देखने में आता है कि जब हम आइसक्रीम को अधिक क्वांटिटी में ले आते हैं तो बची हुई आइसक्रीम को फ्रीजर में स्टोर कर देते हैं। उस समय मन में यही ख्याल आता है कि इस बची हुई आइसक्रीम को डिनर के बाद या फिर क्रेविंग होने पर खा लेंगे। हालांकि, हर बार ऐसा नहीं होता है।
आपने नोटिस किया होगा कि जब आप बची हुई आइसक्रीम को फ्रिज में स्टोर करते हैं तो फ्रीजर में रखी हुई आइसक्रीम भी कई बार पिघल जाती है। इतना ही नहीं, उस समय उसका टेस्ट भी उतना अच्छा नहीं लगता है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि फ्रीजर में आइसक्रीम को सही तरह से स्टोर नहीं किया जाता है। तो चलिए आज इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही कारणों के बारे में बता रहे हैं, जिनके चलते फ्रीजर में रखी हुई आइसक्रीम भी पिघलकर खराब हो जाती है-
अगर आपकी आइसक्रीम हर बार पिघल जाती है तो यह काफी हद तक संभव है कि फ्रीजर का तापमान सही सेट ना किया जा गया हो। आदर्श रूप से, फ्रीजर को 0°F (-18°C) या उससे कम तापमान पर सेट किया जाना चाहिए। इतना ही नहीं, कई बार घरों में लोग बार-बार फ्रीजर के दरवाज़े को खोलते और बंद करते हैं। ऐसा करने से तापमान में उतार-चढ़ाव हो सकता है। हर बार जब दरवाज़ा खुलता है, तो गर्म हवा अंदर आती है, जिससे अंदर का तापमान अस्थायी रूप से बढ़ जाता है। बार-बार फ्रीजर का दरवाजा खोलने से आइसक्रीम के पिघलने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।
फ्रीजर को ओवरलोड करना
कई बार ऐसा भी होता है कि लोग फ्रीजर में बहुत सारा सामान स्टोर करते हैं, जिससे वह ओवरलोड हो सकता है। फ्रीजर में ओवरलोडिंग से वेंट ब्लॉक हो सकते हैं और हवा का प्रवाह बाधित हो सकता है। जिसकी वजह से कूलिंग एकसमान नहीं होती है और आइसक्रीम के पिघलने की संभावना बढ़ जाती है। हमेशा याद रखें कि फ्रीजर में एक समान तापमान बनाए रखने के लिए सही एयर सर्कुलेशन की जरूरत होती है।
आप भले ही आइसक्रीम को फ्रीजर में रख रहे हैं, लेकिन फिर उसे कहां पर रखा जा रहा है, यह बहुत मायने रखता है। अक्सर लोग आइसक्रीम को दरवाज़े के पास रखते हैं। ऐसा करने से आइसक्रीम का तापमान बार-बार बदलता है। जब भी फ्रीजर का दरवाजा खोला जाता है, तो इससे आइसक्रीम पर प्रभाव पड़ता है। इसलिए, ध्यान रखें कि आप आइसक्रीम को सबसे ठंडे हिस्से में रखें। आमतौर पर फ्रीजर के पिछले हिस्से में रखना ज्यादा अच्छा माना जाता है।
फ्रीजर का ऑटो डीफ्रॉस्ट होना
आजकल कई फ्रीजर में फ्रॉस्ट बिल्डअप को रोकने के लिए ऑटो-डीफ्रॉस्ट सुविधा होती है। अगर आपके फ्रीज में भी यह फंक्शन है तो यह काफी हद तक संभव है कि डीफ्रॉस्ट के फ्रीजर के अंदर का तापमान अस्थायी रूप से बढ़ने से आइसक्रीम थोड़ी नरम होकर पिघल जाए।
