नई दिल्ली:– क्या आप जानते हैं कि अगर आपके नाम से लिए गए सिम का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी काम में किया जाता है, तो कानूनी पचड़े में आप ही फंसेंगे। आज के समय में जब सब कुछ डिजिटल है, किसी के नाम से भी सिम लेना कोई बड़ी बात नहीं है। हो सकता है कि आपके नाम से भी सिम लिए गए हों! हालांकि अब एक सरकारी ऐप है जिसकी मदद से आप दो मिनट में पता कर सकते हैं, कि आपके नाम से कोई और नंबर तो नहीं चला रहा। सिर्फ इतना ही नहीं इस ऐप की मदद से आप हाथों-हाथ ऐसे नंबर को बंद भी करवा सकते हैं। चलिए जानते हैं इस खास ऐप और गलत नंबर बंद कराने के तरीके के बारे में।
ऐसे पता लगाएं एक्टिव नंबर
यह पता करने के लिए आपकी आईडी पर कितने और कौन से नंबर एक्टिव हैं आप सरकारी वेबसाइट https://www.sancharsaathi.gov.in/ पर जाएं। यहां आपको Citizen-Centric Services पर क्लिक करके ‘Know Your Mobile Connections (TAFCOP)’ पर जाना होगा। यहां अपने मोबाइल नंबर, कैप्चा और OTP से पहचान वेरिफाई करें। इसके बाद आप आपको अपने आधार नंबर से जुड़े सभी मोबाइल नंबर स्क्रीन पर दिखाई दे जाएंगे। इस तरह से समय-समय पर आपको यह चेक करते रहना चाहिए कि आपके नाम से कोई और सिम चला रहा है या नहीं। अगर आप ऐसा करते हैं, तो आप खुद को कई तरह के फ्रॉड और ठगों से सुरक्षित रख पाएंगे।
गलत नंबर ऐसे करें बंद
किसी ऐसे नंबर को बंद करने के लिए जिसके बारे में आपको जानकारी नहीं है “Not My Number” का ऑप्शन चुनना होगा। इस ऑप्शन के जरिए आप गलत नंबर की रिपोर्ट कर पाएंगे। नंबर की रिपोर्ट होने के बाद आपको इसका कन्फर्मेशन मैसेज के तौर पर भी मिल जाएगा। इसके बाद उस गलत नंबर को डीएक्टिवेट करने का प्रोसेस शुरू हो जाएगा। बता दें कि DoT सिम कार्ड का इस्तेमाल करके होने वाले फ्रॉड पर लगाम कसने में लगा हुआ है। अगर कोई शख्स किसी दूसरे के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर सिम लेता पकड़ा जाता है, तो वह अगले 3 साल तक सिम नहीं ले पाएगा। DoT की मुहिम के तहत अब तक लाखों नकली सिम कार्ड्स डिएक्टिवेट किए जा चुके हैं। साथ ही सिम जारी करवाने के लिए E-KYC सिस्टम और Facial Verification अनिवार्य कर दिए गए हैं।
