वो कहते हैं न समय के साथ नहीं चलोगे तो समय आपसे आगे निकल जाएगा, इस समय वोडाफोन आइडिया के हालात कुछ ऐसे ही चल रहे हैं. जहां एक ओर Jio और Airtel जैसी कंपनियां 5जी सर्विस रोलआउट कर चुकी हैं तो वहीं VI 5G सर्विस का अभी कोई ठिकाना ही नहीं है. हर कोई तेज स्पीड चाहता है और तेज स्पीड तो तब मिलेगी जब नेटवर्क दुरुस्त होगा, लाखों-करोड़ों की तादाद में यूजर्स Vodafone Idea का हाथ छोड़ जियो और एयरटेल की शरण में पहुंच चुके हैं.सब्सक्राइबर बेस की रेस में पहले पायदान पर रिलायंस जियो तो वहीं दूसरे पायदान पर एयरयेल ने कब्जा किया हुआ है. Vi उर्फ वोडाफोन आइडिया यूजर्स को लुभाने और गिरते सब्सक्राइबर बेस को उठाने की जद्दोजहद में जुट तो गई लेकिन बढ़िया प्लान्स ऑफर करने के बावजूद कंपनी का घाटा और कम हो रहे सब्सक्राइबर बेस में बढ़ोतरी के आसार दूर-दूर तक बढ़ते नजर नहीं आ रहे हैं.
Vodafone Idea उर्फ Vi का सब्सक्राइबर बेस घटने के एक नहीं बल्कि कई कारण हो सकते हैं, जैसे कि खराब नेटवर्क और 5जी सर्विस में देरी आदि. बार-बार यही सुनने में आ रहा है कि VI 5G Services जल्द रोलआउट हो सकती है लेकिन बड़ा सवाल है कब? इस सवाल से भी बड़ा तो एक और सवाल है कि वीआई की जो हालत अब है वही हालत 5जी के बाद न हो. इसके लिए कंपनी को पहले ही कुछ पुख्ता इंतज़ाम करने होंगे.ऐसा नहीं है कि एयरटेल और रिलायंस जियो में नेटवर्क की दिक्कत नहीं रहती, दिक्कत होती जरूर है लेकिन अस्थायी रूप से होने वाली ये दिक्कत जल्द दूर भी कर ली जाती है.
हमने और आपने भी भी कई बार इस बात को नोटिस किया होगा कि हमारे आसपास रहने वाले वीआई यूजर्स हमेशा ही नेटवर्क में दिक्कत को लेकर चर्चा करते रहते हैं.माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म X भी Vi यूजर्स की शिकायतों से भरा पड़ा है और हर किसी की बस एक ही दिक्कत है और ये दिक्कत 5G सर्विस को लेकर नहीं कमजोर कनेक्टिविटी को लेकर है.
कैसे पलटेगी VI की किस्मत?Vodafone Idea के गर्दिश में सितारे तभी उठ सकते हैं जब कंपनी 5G सर्विस को रोलआउट करने से पहले अपने कमजोर नेटवर्क की स्थिति को दुरुस्त करे. माना कि हर जगह वोडाफोन आइडिया के नेटवर्क कमजोर नहीं लेकिन बावजूद इसके भी वीआई यूजर्स हमेशा ही खराब नेटवर्क को लेकर दुखी और परेशान रहते हैं.
