हरियाणा:– भारी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को बढ़त है। 11 बजे से परिणाम आना शुरू हो जाएंगे और दोपहर पर स्थिति स्पष्ट हो जाना चाहिए। देश यही देखना चाहता है कि हरियाणा की जनता ने भाजपा को हैट्रिक का मौका दिया है या इस बार कांग्रेस की सत्ता में वापसी होने जा रही है?
जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की विनेश फोगाट आगे चल रही हैं। उनका मुकाबला भाजपा के योगेश बैरागी से है। यदि विनेश की जीत होती है, तो जुलाना सीट को पहली बार कोई महिला विधायक मिलेगी।
कौन बनेगा हरियाणा का अगला मुख्यमंत्री?
एक और सवाल हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री को लेकर भी है। चुनाव प्रचार के समय से भाजपा और कांग्रेस में दावेदारी का सिलसिला जारी है।
कांग्रेस में जहां एक तरफ भूपेंद्र सिंह हुड्डा हैं, तो दूसरी ओर कुमारी सैलजा की मजबूत दावेदारी है। रणदीप सिंह सुरजेवाला भी रेस में हैं।
भाजपा की ओर से नवाब सिंह सैनी की अगुवाई में चुनाव लड़ा जा रहा है, लेकिन अनिल विज कह चुके हैं कि वे सीएम बनने के लिए तैयार हैं।
जाहिर तौर पर भाजपा और कांग्रेस के लिए मतगणना के बीच इन नेताओं और उनके समर्थकों को साधना भी चुनौती होने जा रहा है।
आम आदमी पार्टी का क्या होगा?
हरियाणा के चुनाव परिणाम का असर राष्ट्रीय राजनीति पर पड़ेगा। कांग्रेस जीती, तो राहुल गांधी को श्रेय दिया जाएगा। भाजपा हारी तो नरेंद्र मोदी को निशाना बनाया जाएगा। एग्जिट पोल के मुताबिक, आम आदमी पार्टी कोई असर छोड़ती नजर नहीं आ रही है।
यदि इस मामले में एग्जिट पोल सही साबित होते हैं, तो अरविंद केजरीवाल के लिए झटका होगा और दिल्ली विधानसभा चुनाव पर भी इसका असर पड़ सकता है।
