नई दिल्ली:– शराब पीना अब फैशन बन गया है. कम उम्र से ही लोग शराब पीना शुरू कर देते हैं. यह तो सभी जानते हैं कि शराब पीना सेहत के लिए बेहद खतरनाक होता है, लेकिन लोगों का शौक शरीर के लिए गंभीर खतरे पैदा कर रहा है. डब्ल्यूएचओ की मानें तो शराब की एक बूंद को भी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जा सकता है, लेकिन रोजाना शराब पीने की लत सबसे ज्यादा खतरनाक होती है. आज के जमाने में बड़ी संख्या में युवा शराब पीने की वजह से लिवर डिजीज का शिकार हो रहे हैं. डॉक्टर्स की मानें तो शराब का शौक लिवर को डैमेज कर रहा है.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने बताया कि शराब में एल्कोहल होता है, जो शरीर के लिए सबसे ज्यादा खतरनाक होता है. रोजाना शराब पीने से हमारे लिवर को काफी नुकसान हो सकता है. सिर्फ लिवर ही नहीं, बल्कि हार्ट और ब्रेन पर भी शराब पीने से बुरा असर पड़ता है. शराब पीने से कई तरह के कैंसर का खतरा भी बढ़ जाता है. शराब हमारे दिल और दिमाग को बर्बाद कर सकती है. शराब पीने से लोगों के सोचने-समझने की क्षमता भी कम हो सकती है. शराब से सेहत को सिर्फ नुकसान होता है.
डॉक्टर सोनिया रावत ने बताया कि रोजाना थोड़ी मात्रा में शराब पीने से भी लिवर डैमेज हो सकता है. शराब पीने से फैटी लिवर की समस्या हो सकती है. लगातार शराब पीने से पहले ग्रेड 1 फैटी लिवर होता है और इसके बाद ग्रेड 2 फैटी लिवर होने लगता है. अगर इतनी परेशानी के बाद भी शराब पीना बंद न किया जाए, तो ग्रेड 3 फैटी लिवर हो जाता है और इसके बाद लिवर डैमेज होने लगता है. कई लोगों को शराब पीने से एल्कोहॉलिक हेपेटाइटिस की बीमारी हो जाती है. इसके बाद भी शराब बंद न की जाए, तो लिवर सिरोसिस की कंडीशन पैदा हो सकती है, जिसे रिवर्स नहीं किया जा सकता है.
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो शराब लिवर को डैमेज करती है. पेट में अल्सर पैदा कर सकती है. शराब हमारे डायजेस्टिव सिस्टम को बर्बाद कर सकती है. ज्यादा शराब पीने से आपका बीपी बढ़ सकता है और इससे हार्ट अटैक व स्ट्रोक जैसी इमरजेंसी की नौबत आ सकती है. एल्कोहल से ब्रेन में भी चेंजेस हो सकते हैं. शराब कैंसर का खतरा बढ़ा सकती है. शराब ब्रेन के लिए भी बेहद खतरनाक है. इसमें मौजूद एल्कोहल ब्रेन की फंक्शनिंग चेंज कर सकता है. इससे मेमोरी कमजोर हो सकती है और अत्यधिक सेवन करने से डिमेंशिया जैसी खतरनाक बीमारी हो सकती है.
