कवर्धा:- जिले के धमकी गांव में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने वालों पर शिकंजा कसा है. कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. जिसमें एक महिला भी शामिल है. एक मकान में छापेमार कार्रवाई कर अवैध कच्ची शराब को जब्त किया गया है. पुलिस को लगातार गांव वालों से शिकायत मिल रही थी ग्राम धमकी के पारधीपारा में बड़े पैमाने पर महुआ शराब तैयार की जा रही है.
थाना प्रभारी लाल जी सिन्हा ने लिया एक्शन: गुरुवार सुबह तड़के 6 बजे कोतवाली थाना प्रभारी लालजी सिन्हा की अगुवाई में 50 पुलिस जवानों ने धमकी गांव में धावा बोला. पुलिस के जवानों ने मकान की घेराबंदी की और छापा मारा. पुलिस ने मकान में शराब बनाते कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया. जिसमें एक महिला भी शामिल है. भारी मात्रा में पुलिस ने महुआ, कच्ची शराब और शराब बनाने का उपकरण जब्त किया है.
मुखबिर से शिकायत मिली थी धमकी गांव के पारधीपारा में बड़े पैमाने में अवैध महुआ शराब बनाने का काम चल रहा है. सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध मकान की रेकी की. उसके बाद रेड की कार्रवाई की गई. संदिग्ध मकान में भारी मात्रा में महुआ शराब व शराब बनाने की सामग्री मिली. कुल 15 लोगों को अरेस्ट किया गया है.- कृष्ण कुमार चंद्राकर, डीएसपी
कवर्धा पुलिस शराब माफिया के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. अवैध शराब की तस्करी को लेकर भी पुलिस एक्टिव है. यही वजह है कि एक दिन में कुल 15 आरोपी पकड़े गए हैं.