नई दिल्ली: – देश की राजधानी दिल्ली में मौसम ने एक दम से पलटी मार ली है। शुक्रवार की सुबह तेज हवाओ के साथ दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई है। कुछ इलाकों में तो ओलावृष्टि भी हुई है। जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। वहीं, लोगों को गर्मी से राहत भी मिली है।
हालांकि, बारिश की वजह से कई लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा है। ऑफिस आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी है। वहीं, कुछ लोगों का तो जीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि बारिश आने से गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन परेशानियां भी बढ़ गई है।
दिल्ली में रेड अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी की मानें तो दिल्ली और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही तेज गरज के साथ कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। इसके अलवा ओले भी गिर सकते हैं।
तापमान में गिरावट
वहीं, मौसम विभाग का ये भी कहना है कि अब लोगों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिल सकती है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे रहने की संभावना जताई गई है।
भारत के इन राज्यों में भी होगी बारिश!
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई इलाकों में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। खास तौर पर उत्तरी पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के लिए चेतावनी जारी की गई है।
फ्लाइट्स हुईं प्रभावित
दिल्ली-एनसीआर में आए तेज तूफान और भारी बारिश के कारण इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। इसको लेकर एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए खास एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया है कि खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइंस से संपर्क कर अपनी फ्लाइट की अपडेट जानकारी लें।
