नई दिल्ली:– मार्च के अंतिम दिनों में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश के कई जिलों में लू की स्थिति बनने लगी है। बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के झांसी, आगरा व अलीगढ़ में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई।
लखनऊ में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रयागराज में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 40.1 डिग्री सेल्सियस और हमीरपुर में 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के अन्य जिलों में तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। गुरुवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने गुरुवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, एसआर नगर, कानपुर नगर, रायबरेली और आसपास के इलाकों में गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं। 27 से 29 मार्च तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्म हवाओं का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को लू का सामना करना पड़ सकता है।
