नई दिल्ली:– दिसंबर का महीना लगभग खत्म होने वाला है। ऐसे में बिहार में अब तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। सोमवार को पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में हल्के दर्जे का कोहरा छाए रहा। सुबह के वक्त लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, मजबूत पश्चिमी विक्षोभ नहीं आने के कारण सूबे में ठंड का विशेष प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि, वर्ष के अंत में व नए वर्ष के आरंभ में तापमान में भारी गिरावट की संभावना है। मंगलवार को पटना सहित अधिसंख्य भागों में सुबह के समय हल्के कोहरे का प्रभाव रहेगा।
इन जगहों के लिए येलो अलर्ट जारी
प्रदेश के उत्तर पूर्व भागों के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार व दक्षिण पूर्व भागों के भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर व खगड़िया में सुबह के समय घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
28-29 दिसंबर को दक्षिण पश्चिम भागों के बक्सर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद व अरवल में हल्की वर्षा की संभावना है। अगले 48 घंटे के दौरान रात्रि के तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद दो दिनों के दौरान प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि के आसार हैं।
सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 7.4 डिग्री सेल्सियस के साथ समस्तीपुर के पूसा में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सोमवार को पटना सहित 24 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
नए साल पर पिकनिक के लिए हो जाइए तैयार
वहीं, भोजपुर जिले के लिए भी मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है। आरा में सप्ताह भर से मौसम में जारी उतार चढ़ाव के बाद अब आसमान से कोहरे और बादल छंटने लगे हैं। आने वाले सप्ताह में न्यूनतम और अधिकतम तापमान बढ़ने के कारण मौसम और खुशगवार हो जाएगा।
बड़ा दिन आने से पहले ही पारा छह डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।14 दिसंबर को न्यूनतम तापमान जहां आठ डिग्री सेल्सियस था, वह अब छह डिग्री बढ़कर 14डिग्री के करीब पहुंच चुका है
सोमवार तक आकाश में बादल छाए रहने के कारण थोड़ा-बहुत ठंड का एहसास हो रहा है, पर मंगलवार से आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। ऐसे में खिलखिलाती धूप के बीच लोग क्रिसमस का त्योहार मनाएंगे। वहीं न्यूनतम तापमान का पारा बढ़ने के कारण रातें भी गुलाबी सर्दी का एहसास कराएगी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, 24 दिसंबर को दिन का अधिकतम तापमान 27 और रात में न्यूनतम तापमान भी 14 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर जाएगा। यह स्थिति पूरे दिसंबर में बरकरार रहेगी।