नई दिल्ली:– मार्च महीने की शुरुआत के साथ ही लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च से लोगों को सामान्य से अधिक गर्मी का एहसास होगा। पछुआ के कारण मौसम शुष्क बने होने के साथ अधिसंख्य भागों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक होगा।
हीट वेव जैसे हालात बनने का अनुमान
मार्च महीने में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार माह में दक्षिण पश्चिम भागों के कुछ जिलों में हीट वेव जैसे हालात बने रहने के आसार है। इस दौरान वर्षा भी सामान्य से नीचे रहने का पूर्वानुमान है। राज्य में सामान्य वर्षापात 8.2 मिमी है।
24 घंटे में तापमान में विशेष बदलाव नहीं
अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। इसके बाद दो से तीन डिग्री गिरावट के आसार है। जबकि 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में विशेष परिर्वतन की संभावना नहीं है। प्रदेश के अधिसंख्य जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक बना रहा।
पटना सहित कई इलाकों में हुई बारिश
पटना का न्यूनतम तापमान शनिवार को सामान्य से पांच डिग्री अधिक बने होने के साथ 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 14.1 डिग्री सेल्सियस के साथ अगवानपुर सहरसा में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
शनिवार की सुबह पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में तेज हवा व गरज-तड़क के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की गई।
राजापाकर में हुई सबसे ज्यादा बारिश
राजधानी में 2.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि वैशाली जिले के राजापाकर में सर्वाधिक वर्षा 4.6 मिमी दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार पटना सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों का मौसम शुष्क बने होने के साथ कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
इन इलाकों में फिर बारिश के आसार
24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम व दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर गरज-तड़क के साथ हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए बारिश के दौरान लोगों से घर में रहने की अपील की गई है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर
अधिकतम (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
न्यूनतम (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
पटना 29.8 19.4
गया 31.8 15.8
भागलपुर 29.7 17.2
मुजफ्फरपुर 29.4 18.1
