
रायपुर/भोपाल:- कोरोना वायरस का संकट फिर गहराता जा रहा है। कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते कई राज्यों में लॉकडाउन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कोरोना वायरस के संक्रमण ने फिर एक बार रफ्तार पकड़ ली है। संक्रमण के चलते दोनों राज्यों के कई जिलों में लॉकडाउन कर दिया गया है। वहीं कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए कई हिस्सों में लॉकडाउन का दौर अब भी जारी है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, जशपुर, कोरिया, बालौदाबाजार, कोरबा के बाद अब धमतरी और रायगढ़ में भी लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। वहीं मध्यप्रदेश के इंदौर, जबलपुर, उज्जैन सहित 12 शहरों में लॉकडाउन बढ़ाया गया है छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार शाम 6 बजे के बाद लॉकडाउन लगा दिया गया। दुर्ग में 6 अप्रैल से बंद चल रहा है। इसके अलावा आज शाम 6 बजे से प्रदेश के तीन और जिलों राजनांदगांव, बालोद और बेमेतरा में भी लॉकडाउन शुरू हो रहा है। धमतरी में रविवार (11 अप्रैल) को रात 12 बजे बजे से 26 अप्रैल की रात 12 बजे तक सब कुछ बंद रहेगा। रायगढ़ में 14 अप्रैल सुबह 6 बजे से 22 अप्रैल की रात 12 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। 28 जिलों वाले छत्तीसगढ़ में अब तक 11 जिलों में लॉकडाउन का ऐलान हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ में शुक्रवार रात 11,447 नए मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे में 63 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 4,654 लोगों की जान जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 4,18,678 लोगों को कोरोना ने अपनी चपेट में लिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक अब तक 3,37,156 लोग ठीक भी हो चुके हैं। रायपुर शहर में 2,622 नए संक्रमित मिले हैं। अकेले रायपुर शहर में अब एक्टिव मरीजों की संख्या 18,660 है। पूरे प्रदेश की बात की जाए तो एक्टिव मरीज 76,868 हैं।
मध्यप्रदेश के 12 शहरों में लॉकडाउन बढ़ा मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा ने बताया कि बड़वानी, राजगढ़, विदिशा जिलों के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन रहेगा। इसी तरह इंदौर, राऊ, महू, शाजापुर और उज्जैन जिले के सभी शहरों में भी 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे बजे लॉकडाउन रहेगा। प्रदेश में एक दिन में करीब 5 हजार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद इंदौर, जबलपुर, उज्जैन सहित 12 शहरों में लॉकडाउन बढ़ाया गया है। प्रदेश में सबसे ज्यादा केस इंदौर में मिल रहे हैं। यहां 24 घंटे में 912 संक्रमित सामने आए हैं, 5 लोगों की मौत हुई है। दूसरे नंबर पर राजधानी भोपाल है, जहां 736 केस मिले हैं। जबलपुर तीसरा सबसे संक्रमित जिला है। यहां 369 केस सामने आए हैं और 2 लोगों की मौत हुई है। उज्जैन में 150 मरीज मिले और 2 की जान गई। कोई ऐसा सप्ताह नहीं बीत रहा है जब वैज्ञानिक किसी नए कोरोना वेरिएंट की पहचान न करते हों। अब तक ब्रिटेन, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका और न्यूयॉर्क में मिले वेरिएंट की काफी चर्चा रही है, लेकिन अब भारत की बारी है मार्च के अंत में भारत के नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (NCDC) ने एक नए वेरिएंट ‘डबल म्यूटेंट’ की जानकारी दी। महाराष्ट्र, दिल्ली और पंजाब से लिए गए सैम्पल में इस वेरिएंट की पहचान की गई है।