
चंडीगढ़ :- हरियाणा के नूंह जिले में पैर पसार रहे साइबर क्राइम के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने बृहस्पतिवार देर रात एक साथ नूहं जिले के 14 गावों में छापेमारी कर 125 हैकर व साइबर अपराधियों को काबू किया। इनके पास से अलग-अलग बैंक के एटीएम, स्मार्टफोन्स, लैपटॉप, आधार कार्ड और एटीएम स्वाइप मशीन के साथ ही अन्य सामान बरामद किया गया है। इन संदिग्धों को काबू कर उनसे पूछताछ की जा रही है।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते कुछ दिनों में पुलिस को नूंह जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में साइबर फ्रॉड से संबंधित इनपुट मिले थे। एक कमरे में बैठे-बैठे कुछ लोग दूसरों के बैंक खातों को साफ कर दिया करते थे। मिले इनपुट के आधार पर साइबर क्राइम के हाॅटस्पाॅट एरिया को चिन्हित कर इन ठिकानों पर भारी पुलिसबल के साथ एकसाथ रेड की गई।इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए हरियाणा पुलिस ने 5000 से अधिक पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें गठित की जिसमें 1 एसपी, 6 एडिशन एसपी, 14 डीएसपी सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने साइबर अपराध के खिलाफ अभियान छेड़ा।
साइबर ठगों पर यह कार्रवाई पुलिस की विभिन्न जिलों की गठित की गई 102 रेडिग टीमों द्वारा की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ पुन्हाना, पिनंगवा, फिरोजपुर झिरका, बिछौर एरिया के 14 चिन्हित गावों में छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। कल रात 11.30 बजे इस अभियान की शुरुआत हुई थी जिसके तहत कार्रवाई देर रात तक चली। पुलिस बल की ब्रीफिंग से लेकर विभिन्न टारगेट्स पर तलाशी अभियान तक इस ऑपरेशन की कुल अवधि 24 घंटे रही।
डीजीपी हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल के निर्देश पर डीआईजी एसटीएफ सिमरदीप सिंह तथा एसपी नूंह वरुण सिंगला ने व्यापक कार्रवाई करते हुए इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई
एसपी नूंह वरुण सिंगला ने बताया कि 4 अप्रैल से 8 अप्रैल तक भोंडसी में चले साइबर प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के बाद से ही नूंह में साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए इस विशेष ऑपरेशन की रूपरेखा तैयार की गई थी। पुलिस ने पहले जिले के साइबर क्राइम के हाॅटस्पाॅट माने जाने वाले 14 गावों की मैपिंग कर टारगेट्स फिक्स किए। साइबर अपराध के हाॅटस्पाॅट के तौर पर खेडला, लुहिंगा खुर्द, लुहिंगा कलां, गोकलपुर, गोधोला, अमीनाबाद, महू, गुलालता, जैवंत, जखोपुर, नई, तिरवाडा, मामलिका और पापड़ा गांव को चिन्हित करने के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिला नूहं में पुलिस द्वारा 8 अप्रैल के बाद से साइबर ठगी के मामलों से संलिप्त 20 अपराधियों को पहले ही गिरफतार किया जा चुका है।