रायपुर, 26 मार्च। वर्तमान में भीषण गर्मी को दृष्टिगत करते हुए अब स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी एएन बंजारा ने इसे लेकर एक निर्देश जारी किया है। ताजा निर्देश के मुताबिक अब 29 मार्च से नए समय के अनुसार स्कूलों में कक्षाएं लगेंगी। सुबह क्लासेस अब 8 की बजाए सुबह 7.30 से 11.30 बजे तक लगेगी। जहां दो पाली में स्कूल संचालित है, वहां प्राइमरी और मिडिल की क्लास 7.30 से 11.30 बजे और हाईस्कूल व हायर सेकेंडरी की क्लास 11.30 बजे से 4.30 बजे तक चलेगी।
इससे पहले मार्च में टाइमिंग नहीं बदली जाती थी, आमतौर पर अप्रैल के महीने में गर्मी बढ़ने की वजह से ऐसा किया जाता था। इधर, मौसम विभाग से मिल रही जानकारी के मुताबिक आने वाले 7 दिनों में ही पारा 38 से 41 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इस वजह से स्कूलों की टाइमिंग को बदला गया है। ये निर्देश सरकारी और सभी प्राइवेट स्कूलों पर लागू होगा।
गर्मी की छुटि्टयां हुईं कम
इस बार गर्मी की छुटि्टयां कम की गई हैं। इस बार सत्र 1 मई से शुरू हो जाएगा। 14 मई तक कक्षाएं लगाई जाएंगी। 15 मई से 15 जून तक गर्मी की छुट्टी होगी। पिछले वर्षों में गर्मी की छुट्टी 1 मई से 15 जून तक रहती थी। 16 जून से नया सत्र शुरू होता था।मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर के तापमान में आने वाले 7 दिनों में बदलाव देखने को मिलेगा
इसी प्रकार से धमतरी कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने जिले की शालाओं को दो पालियों में संचालित करने का आदेश जारी किया है। इसमें उल्लेख किया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन, स्कूल शिक्षा विभाग नया रायपुर के आदेशानुसार वर्तमान शैक्षणिक सत्र में 14 मई तक बढ़ाया गया है। वर्तमान में भीषण गर्मी को देखते हुए जिले के शैक्षणिक संस्थाओं के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। जारी आदेश में कहा गया है कि एक पाली में संचालित होने वाली सभी प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई और हायर सेकण्डरी शालाओं को सोमवार से शनिवार तक सुबह 7.30 से 11.30 तक संचालित की जाएंगी। इसी तरह ऐसी शालाएं जहां कक्षाएं दो पालियों में संचालित होती हैं, वहां प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाएं सुबह 7.30 से 11.30 तक और हाई एवं हायर सेकण्डरी स्कूल सुबह 11.00 बजे से शाम 4.30 बजे तक संचालित की जाए। यह आदेश 29 मार्च से प्रभावी होगा।