रायपुर : एशिया कप 2022 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को हराकर जीत का जो परचम लहराया है, उसने देशवासियों को झूमने का मौका दे दिया है. रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए जोरदार मुकाबले में हर किसी की नजरें टीवी स्क्रीन पर थीं. हर कोई टकटकी लगाए मैच देख रहा था और भारत की जीत की कामना कर रहा था. फिर हार्दिक पंड्या ग्राउंड पर आए और पाकिस्तानी क्रिकेटरों के छक्के छुड़ा दिए.इस जीत के साथ ही भारत ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से 10 विकेटों से मिली करारी हार का बदला भी चुकता कर लिया है। भारत की इस जीत में पूरी टीम का अहम योगदान रहा।
भारत की जीत का जश्न रायपुर की सड़कों पर देखने को मिला। पिछले कई सालों से परंपरा रही है कि भारत पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले में भारत की जीत जश्न जयस्तंभ चौक पर मनाया जाता है। ये रिवाज दुहराया गया। युवकों की भीड़ से माहौल गर्मा गया। चौक पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
चौराहे के ऊपर खड़े होकर तिरंगा फहराते युवक भारत माता की जय जयकार करने लगे। आस-पास के दो थानों से फोर्स भुलाने पड़ी। इसके बाद भीड़ को पुलिस काबू करती नजर आई। काफी देर तक चौराहे पर लोगों का जमघट लगा रहा और सभी भारत के जीत का जश्न मनाते रहे। अलग-अलग इलाकों से बाइक में सवार होकर युवक जयस्तंभ चौक पहुंच गए और सभी ने हिंदुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए इस जीत को सेलिब्रेट किया।