नई दिल्ली:– भारतीय मूल के बल्लेबाज हरजस सिंह ने ऑस्ट्रेलिया में सिडनी के पैटर्न पार्क मैदान पर तूफानी मैच खेल कर पूरा क्रिकेट वर्ल्ड हिल दिया है। दरअसल 141 गेंद में हरजस ने 314 रन ठोक डाले, इसमें 35 छक्के भी शामिल थे। ये वनडे ग्रेड मैच की इतिहास में पहली ट्रिपल सेंचुरी है। हरजस की यह पारी आधुनिक क्रिकेट में पावर-हिटिंग और रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पारी की नई परिभाषा भी गढ़ गई। इसके साथ ही मैदान के हर कोने में छक्कों की बरसात की और हर गेंदबाज पर हरजस ने हमला बोला है। न्यू साउथ वेल्स प्रीमियर फर्स्ट-ग्रेड क्रिकेट के इतिहास में उनकी इस पारी ने उन्हें तीसरा सबसे बड़ा स्कोरर बना दिया। उनसे आगे सिर्फ फिल जैक्स (321 रन, 2007) और विक्टर ट्रंपर (335 रन, 1903) हैं। यानी यह लिमिटेड ओवर्स फर्स्ट-ग्रेड क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर माना जा रहा है। इन सब में दिलचस्प बात ये कि, अगला सर्वोच्च स्कोर उनकी टीम का सिर्फ 37 रन था। ये पूरा शो सिर्फ हरजस सिंह का कहा जा रहा है।
कौन हैं हरजस सिंह?
हरजस के माता-पिता चंडीगढ़ (भारत) से साल 2000 में ऑस्ट्रेलिया गए थे। उनका जन्म सिडनी में हुआ है। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल 2024 में भारत के खिलाफ 55 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ नॉर्थहैम्पटन में 2023 में उन्होंने टेस्ट सेंचुरी भी लगाई थी। लेकिन इतना सब करने के बाद भी उन्हें नया खिलाड़ी कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला था। शायद यही वजह थी सेलेक्टर्स को यह पारी उनके लिए जवाब देने वाली पारी बन गई।
74 गेंद में पूरी की सेंचुरी:
हरजस ने 74 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की फिर 67 गेंदों में 214 रन बना लिया। उनका ट्रिपल सेंचुरी पूरा करने वाला छक्का लेफ्ट-आर्म स्पिनर टॉम मुलन की गेंद पर आया, जिसके बाद उन्होंने खुशी में बल्ला हवा में लहराया। मैच के बाद उन्होंने कहा, ऑफ-सीजन में मैंने पावर-हिटिंग पर काफी काम किया था, ‘यह मेरी जिंदगी की सबसे क्लीन हिटिंग थी। और आज उसका नतीजा मिल गया।’ उनकी यह धमाकेदार पारी अब उन्हें ऑस्ट्रेलियाई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में तेजी से आगे बढ़ाने का दावा पेश कर रही है।