हंगरी के बूडापेस्ट में जारी वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने धमाकेदार आगाज किया है। उन्होंने इस चैंपियनशिप का अपना बेस्ट और अपने सीजन का बेस्ट थ्रो फेंकते हुए पहले थ्रो में ही फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। ग्रुप ए की प्रतिस्पर्धा में नीरज चोपड़ा ने 88.77 मीटर का थ्रो किया और यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया।
इस इवेंट में भारत के अन्य थ्रोअर डीपी मनु ने भी हिस्सा लिया। आपको बता दें कि प्रतियोगिता में 85.5 मीटर का थ्रो किसी भी एथलीट को क्वालीफाई करने के लिए फेंकना था। नीरज ने पहले ही अटेम्प्ट में इसे पार कर दिया।टोक्यो ओलंपिक में 87.58 मीटर का थ्रो फेंकते हुए गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप में कमाल कर दिया। उन्होंने अपना इस सीजन का ही नहीं बल्कि वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का भी बेस्ट थ्रो फेंका।
उन्होंने इससे पहले ओरेगन 2022 में क्वालीफिकेशन राउंड के दौरान 88.39 मीटर और फाइनल में 88.13 मीटर थ्रो किया था। पर इस बार क्वालीफिकेशन के पहले अटेम्प्ट में ही उन्होंने 88.77 मीटर के थ्रो से अपना जलवा दिखाया। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 89.94 मीटर का रहा है, जो 30 जून 2022 को स्वीडन में स्टॉकहोम डायमंड लीग में आया था।
