नई दिल्ली, 19 जनवरी । नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने अधिकांश देशों में कोरोना संक्रमण के जारी प्रसार को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों पर रोक की अवधि को 28 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया है।
डीजीसीए ने बुधवार को जारी आदेश में कहा है, “पिछले वर्ष 26 नवंबर को जारी अधिसूचना के आलोक में डीजीसीए ने भारत से अंतर्राष्ट्रीय वाणिज्यिक यात्री सेवाओं की निलंबन अवधि को 28 फरवरी 2022 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।”
वहीं, लगभग 40 देशों के साथ समझौते के तहत संचालित की जा रही उड़ानें निलंबन आदेश से प्रभावित नहीं होंगी। साथ ही यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय कार्गो उड़ानों पर भी लागू नहीं होगा और उनका परिचालन जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि सरकार ने कोरोना संक्रमण के प्रसार के मद्देनजर मार्च 2020 में निर्धारित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर रोक लगा दी थी। हालांकि नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निलंबित हैं लेकिन विमानन कंपनियां एयर-बबल समझौते के तहत विभिन्न देशों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं।